ईरान-इजराइल-अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध की चपेट में खाड़ी देश भी हैं और इसका सीधा असर सिवान के विभिन्न प्रखंडों के गांवों में दिख रहा है क्योंकि यहां से सैकड़ों लोग खाड़ी देशों में रहकर काम कर रहे हैं।
खाड़ी देश में रहने वाले लोगों के स्वजन में परेशानी साफ देखने को मिल रही है। वे हर समय मोबाइल व इंटरनेट मीडिया के माध्यम से अपने लोगों से बातचीत कर पल-पल की खबरों की सूचना ले रहे हैं और उन्हें सुरक्षित स्थल पर रहने की सलाह दे रहे हैं।
प्रखंड के लिलारू औरंगाबाद पंचायत के करीब सौ से अधिक लोग दुबई व अन्य शहरों में रहते हैं। सरोज प्रसाद ने बताया कि उनके चार भाई मनोज प्रसाद, सुशील कुमार, धर्मेन्द्र प्रसाद व संदीप कुमार दुबई में रहते हैं।
इसके अलावा गांव के मुकेश मांझी, रवि राम, रमेश चौहान सहित अन्य लोग दुबई व अबुधाबी जैसे शहरों में काम करते हैं। सरोज प्रसाद ने बताया कि वे लोग लगातार संपर्क में हैं।
मोबाइल पर सरकार द्वारा अलर्ट
दुबई में रहने वाले लोगों ने बताया कि जिस कंपनी में वे लोग काम करते हैं, वह किसी दिन बंद नहीं हुआ। सीमा की तरफ मिसाइल आने की स्थिति पर मोबाइल पर सरकार द्वारा अलर्ट जारी किया जा रहा है।
वहीं, मिसाइल या ड्रोन की पहचान कर उसे मारने के क्रम में मलबा कंपनी के आसपास गिर भी रहा है। वैसी स्थिति में थोड़ी देर के लिए अफरातफरी की स्थिति हो जा रही है।
वहीं, बसंतपुर प्रखंड के शेखपुरा गांव निवासी फैयाज खां के परिवार के लोगों सहित करीब एक सौ से अधिक लोग सऊदी अरब में रहते हैं। उनके बड़े पुत्र फैज खां ने बताया कि रियाद में स्थिति सामान्य है। ईरान द्वारा हमले के पहले दिन ही रियाद में और दो दिन पहले जुबैल में मामूली हमला किया गया था।


