जीरादेई (सिवान): घर में चोरी की बड़ी वारदात; चार लाख के गहने-नगदी पार, FIR तक दर्ज नहीं, पुलिस पर उठे सवाल ?

जीरादेई (सिवान)।थाना क्षेत्र के थेपहाँ पूर्वांचल ग्राम में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लगभग चार लाख रुपये मूल्य के आभूषण एवं नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि शिकायत के बावजूद अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम निवासी सुगंती देवी अपने घर में ताला लगाकर अपने मायके गई हुई थीं। दिनांक 14 मार्च 2026 की सुबह करीब 9:00 बजे जब वह वापस अपने घर पहुंचीं, तो घर के अंदर का नजारा देखकर दंग रह गईं। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और छत के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि चोर छत के रास्ते घर में घुसे और वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर में रखे कीमती गहनों और नगदी समेत करीब चार लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने सिवान जिले के जीरादेई थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई।

हैरानी की बात यह है कि, घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक इस मामले में FIR तक दर्ज नहीं की है। इससे न सिर्फ पीड़िता परेशान है, बल्कि स्थानीय लोगों में भी पुलिस के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पीड़िता के घर वालों ने मामले की जानकारी ईमेल के माध्यम से पुलिस अधीक्षक सिवान को भी दी है, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। आरोप है कि पुलिस न तो चोरों का सुराग लगाने में सक्रिय दिख रही है और न ही मामले को गंभीरता से ले रही है।

इस पूरे प्रकरण ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे।फिलहाल, पीड़िता न्याय की आस में दर-दर भटकने को मजबूर है और पुलिस की निष्क्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *