हिमाचल प्रदेश सरकार ने दिल्ली और चंडीगढ़ स्थित हिमाचल भवन व हिमाचल सदन में कमरों के किराये में बड़ा बदलाव किया है। सामान्य तौर पर ₹1200 में मिलने वाला कमरा अब ₹4000 प्रति रात (टैक्स सहित) मिलेगा। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है और नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
अधिसूचना के अनुसार, नई दरें दिल्ली के हिमाचल भवन और हिमाचल सदन, चंडीगढ़ के हिमाचल भवन तथा शिमला के विली पार्क सर्किट हाउस के चयनित कमरों पर लागू होंगी। इन सभी स्थानों पर सूचीबद्ध कमरों का किराया अब ₹4000 तय किया गया है।
ये कमरे होंगे महंगे
- दिल्ली स्थित हिमाचल भवन के कमरा नंबर 405, 406, 407, 307, 308, 309, 310,
- हिमाचल सदन के 303, 304, 101, 102,
- चंडीगढ़ हिमाचल भवन के 202, 203, 204, 107, 108, 109,
- शिमला के विली पार्क सर्किट हाउस के 512, 514, 522, 523, 411, 412, 414 नंबर कमरे नई दरों के दायरे में आएंगे।
बुकिंग और ठहराव को लेकर निर्देश
सरकार ने स्पष्ट किया है कि कमरों का आवंटन तय समय के अनुसार कन्फर्म किया जाएगा। 30 प्रतिशत कमरे रात 12 बजे तक और 50 प्रतिशत शाम 5 बजे तक कन्फर्म होंगे। साथ ही, केवल उसी व्यक्ति को ठहरने की अनुमति होगी, जिसके नाम पर कमरा बुक है, किसी प्रकार की प्रॉक्सी एंट्री मान्य नहीं होगी।
सुविधाओं पर भी जोर
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) को निर्देश दिए गए हैं कि ठहरने वालों को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। नई दरों के लागू होने से दिल्ली और चंडीगढ़ में ठहरने वाले हिमाचल के लोगों और अन्य आगंतुकों पर सीधा असर पड़ेगा, खासकर उन लोगों पर जो अब तक कम किराए में इन भवनों का उपयोग करते थे।


