अवैध निर्माण के खिलाफ अलीगढ़ विकास प्रााधिकरण (एडीए) की कार्रवाई जारी है। मंगलवार को खैर थाना क्षेत्र में बिना ले आउट विकसित कॉलोनियों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
बुलडोजर से पांच अवैध कॉलोनियों को तोड़ दिया गया है। इनकी सड़क व नींव को उखाड़ा गया। दो से अधिक बुलडोजर से करीब तीन घंटे से अधिक समय तक यह कार्रवाई चलती रही।
एडीए की टीम ने खैर थाना क्षेत्र में बिना ले आउट विकसित कॉलोनियों पर की कार्रवाई
सचिव दीपाली भार्गव ने बताया कि खैर थाना क्षेत्र के बाईपास रोड स्थित टेंटी गांव मलीपुरा में देवेंद्र सिंह, भोपाल सिंह व सुधीर अग्रवाल द्वारा विकसित कॉलोनी को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा सोमना रोड स्थित उदयगढ़ी में शीशपाल सिंह, मान सिंह व करण सिंह द्वारा विकास अवैध कॉलोनी को भी ध्वस्त किया गया। इस कॉलोनी की सड़क को तोड़ दिया गया।
सड़कों को उखाड़कर तोड़ा गया
सचिव दीपाली भार्गव ने बताया कि अंडला में ज्योति इंटर कालेज के निकट पचपेड़ा मार्ग पर भी सिरसा वाल्मीकि व सरदार दीप सिंह की कॉलोनी काे तोड़ा गया। चमन नगरिया खैर रोड पर भी निरंजन लाल शर्मा व योगेश चौधरी द्वारा विकसित कॉलोनी को ध्वस्त किया गया। बांकनेर गांव में भी योगेश कुमार की कॉलोनी की दीवार व सड़कों को उखाड़ कर तोड़ा गया।


