इश्क बना मौत का कारण: घर बुलाकर युवक को दिया करंट, कुल्हाड़ी से काटा पैर, चार गिरफ्तार

3.9kViews

सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोखरा में हुई दिल दहला देने वाली घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेम प्रसंग के विवाद में 20 वर्षीय युवक की बेरहमी से पिटाई कर उसका पैर कुल्हाड़ी से काट दिया गया था, जिससे गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार घटना 27-28 फरवरी 2026 की दरमियानी रात की है। मृतक संदीप यादव (20 वर्ष), पिता राजेन्द्र यादव, निवासी आजादपुर (घिनहागांव) थाना बरगवां, ग्राम पोखरा में अचेत अवस्था में पड़ा मिला था। उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें थीं और उसका बायां पैर काट दिया गया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए ट्रामा सेंटर बैढ़न पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में ग्राम पोखरा निवासी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें

  • भोलानाथ पनिका (39 वर्ष) पिता जयप्रसाद पनिका
  • मेलासागर पनिका (19 वर्ष) पिता केमला प्रसाद पनिका
  • मुन्नी देवी पनिका (40 वर्ष) पति केमला प्रसाद पनिका
  • पूजा पनिका (20 वर्ष) पिता केमला प्रसाद पनिका

शामिल हैं। सभी आरोपियों को 7 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल पचौर भेज दिया गया।

प्रेम प्रसंग से शुरू हुआ विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक संदीप यादव और आरोपी पूजा पनिका के बीच कई महीनों से प्रेम संबंध था। दोनों अक्सर बातचीत करते थे और संदीप पूजा के बुलाने पर उसके घर भी जाता था। इसी दौरान पूजा पनिका का विवाह उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के ओबरा में तय हो गया।

बताया गया कि संदीप इस विवाह का विरोध कर रहा था और पूजा पर उससे शादी करने का दबाव बना रहा था। इससे परेशान होकर पूजा ने यह बात अपनी मां मुन्नी देवी, भाई मेलासागर और चाचा भोलानाथ को बताई। परिवार ने पहले भी रिश्ते टूटने से हुई सामाजिक बदनामी का हवाला देते हुए संदीप को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।

घर बुलाकर किया हमला

योजना के तहत पूजा पनिका ने 27 फरवरी को संदीप को मिलने के लिए अपने घर बुलाया। संदीप के पहुंचते ही चारों आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और पूजा से मिलने से मना करने लगे। लेकिन जब संदीप शादी की जिद पर अड़ा रहा, तो आरोपियों ने उसे डराने के लिए पहले बिजली का करंट लगाया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा।

इसके बाद गुस्से में आकर आरोपी भोलानाथ पनिका ने कुल्हाड़ी से संदीप का बायां पैर काट दिया। लगातार मारपीट और अत्यधिक खून बहने से संदीप बेहोश हो गया।

खेत में फेंका, सबूत मिटाने की कोशिश

आरोपियों को लगा कि संदीप की मौत हो चुकी है, इसलिए उन्होंने उसे घर के पास परमानंद बैस के अरहर के खेत में फेंक दिया। पहचान छिपाने के लिए उसके कपड़े जला दिए और घर में गिरे खून के निशान गोबर से पुताई कर मिटाने की कोशिश की। योजना यह थी कि लोगों को लगे कि संदीप की मौत जंगली जानवरों के लिए लगाए गए बिजली के तार से करंट लगने से हुई है।

पुलिस की तकनीकी जांच से खुला राज

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक रीवा गौरव सिंह राजपूत और पुलिस उपमहानिरीक्षक हेमंत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक सिंगरौली मनीष खत्री एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

एसडीओपी सिंगरौली गौरव पाण्डेय और एसडीओपी चितरंगी राहुल सैयाम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल की बारीकी से जांच की। आरोपियों के घर के अंदर से खून के धब्बे मिले, जिन्हें वैज्ञानिक तरीके से जांचा गया। तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के बाद चारों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी, कुल्हाड़ी, बिजली का तार और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

इस मामले के खुलासे में निरीक्षक मोहम्मद समीर, निरीक्षक आराधना सिंह परिहार, उप निरीक्षक अमन वर्मा, संदीप नामदेव, पवन सिंह (साइबर सेल), अर्चना धुर्वे, सउनि विशेषर प्रसाद साकेत, सउनि श्यामबिहारी द्विवेदी, सउनि नरेन्द्र सिंह (एफएसएल टीम) प्रआर. फल सिंह, अन्प मिश्रा, संजय यादव. रामनिवास यादव. विपिन तोमर, मप्रआर राखी मिश्रा, आर अरविन्द यादव, चन्द्रकेश यादव, प्रतीक कुमार, प्रशांत केशरी (सायबर सेल). आर पवन सिंह धुर्वे (डाग स्कॉट) मआर नुरली सिसोदिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूर पुलिसकर्मियों और एफएसएल व डॉग स्क्वॉड टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक सिंगरौली द्वारा पूरी टीम को 10 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *