प्रधानमंत्री ने बुलाई सीसीएस की बैठक, पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा संभव

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीएस) की बैठक बुलाई है। यह कमेटी देश की सुरक्षा और रणनीतिक मामलों पर निर्णय लेने वाली सर्वोच्च संस्था है।

बताया जा रहा है कि यह बैठक अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमले और ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर बुलाई गई है।

सूत्रों ने बताया कि राजस्थान, गुजरात, तमिलनाडु और पुडुचेरी की दो दिवसीय यात्रा संपन्न कर दिल्ली लौटने के बाद प्रधानमंत्री ने रविवार आज सीसीएस की बैठक बुलाई है। रात लगभग 9.30 बजे उनके यहां पहुंचने की उम्मीद है।

बैठक में कौन-कौन मौजूद?

सीसीएस की बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री करते हैं, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इसके सदस्य हैं। सीसीएस की बैठक में आमतौर पर कुछ शीर्ष अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाता है।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में पश्चिम एशिया में रहने वाले और फंसे हुए भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही स्थिति बिगड़ने पर उससे निपटने के तरीकों पर भी विचार किया जाएगा। फिलहाल, पश्चिम एशिया का हवाई क्षेत्र लगभग बंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *