उमरी खुर्द गांव में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी वाले घर में सजावट के दौरान छत का बारजा (छज्जा) अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में 70 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुबह सजावट के दौरान हुआ हादसा, बारात आने से पहले पसरा मातम
मरी खुर्द गांव निवासी हरिश्चंद्र राजभर के घर उनकी पुत्री की शादी थी। मंगलवार की शाम बारात आनी थी, जिसके लिए सुबह से ही टेंट और बिजली की सजावट का कार्य चल रहा था। सुबह करीब साढ़े आठ बजे अचानक छत का बारजा गिर पड़ा। इस दौरान वहां मौजूद लोग मलबे में दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मलबे में दबे पांच लोग, एक की मौत, चार का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में कुल पांच लोग घायल हो गए। परिजन और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कुसुम उर्फ राजमती (70) को मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों का इलाज जारी है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद जिस घर में कुछ ही घंटों बाद शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।


