शंकरपुरी कालोनी के राजीव (21) का शव तीर्थनगर में रविवार की सुबह 11 बजे रेल लाइन के पास सफेदे के पेड़ों के बीच मिला। मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था।
गला दबाकर हत्या की गई है, क्योंकि गले पर दबाने के निशान हैं। वह 27 फरवरी से लापता था। स्वजन का आरोप है कि उसका एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसी ने हत्या कराई है। पुलिस इस एंगिल पर भी जांच कर रही है।
बाजू पर राजीव व छाती पर स्नेहा लिखा हुआ है। सीन आफ क्राइम की टीम ने भी वारदात स्थल पर जांच की। राजीव का एक जूता कुछ ही दूरी पर पड़ा मिला। मुंह में ठूंसे हुए कपड़े में फेविकोल की तरह का पदार्थ डाला हुआ था, इसलिए यह चिपका हुआ था।
पुलिस ने फोटो से शव की पहचान कराई। उसकी गुमशुदगी सेक्टर 17 थाना में दर्ज है। राजीव की मां ज्योति ने बताया कि उनका बेटा डीजे का कार्य करता था। वह पेंट का कार्य भी करता था। 27 फरवरी को राजीव हरिद्वार जाने की बात कह घर से निकला था।
वह वापस नहीं लौटा। वहीं राजीव के दोस्तों ने बताया कि दो वर्ष से राजीव का स्नेहा नाम की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उसके कहने पर ही उसने छाती पर उसके नाम का टैटू बनवाया था, लेकिन स्नेहा ने उसे धोखा दिया।
उसके पहले से अमित नाम के युवक से संबंध थे। वह राजीव से दूर रहने लगी। इस बात से वह परेशान रहता था। अक्सर वह स्नेहा से बात करने का प्रयास करता। उस पर शादी का दबाव बनाता जिसको लेकर अमित ने उसे धमकी भी दी थी।
सदर यमुनानगर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह युवक राजीव की गुमशुदगी का मामला सेक्टर 17 थाना में दर्ज है। वहां की पुलिस आगे जांच करेगी। सेक्टर 17 थाना प्रभारी प्रमोद वालिया ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम करा दिया गया। रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट होगी।
राजीव की हत्या का कारण प्रेम प्रसंग है। परिवार ने जिस युवती पर आरोप लगाया है। उसके साथ दो वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। एक वर्ष में प्रेम प्रसंग के कारण सात हत्याएं हो चुकी हैं। चार दिन पहले अमर विहार कालोनी में युवक की हत्या हुई थी। पत्नी फरार है, उसमें भी पत्नी के अवैध संबंध सामने आ रहे हैं।


