गोरखपुर में विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी, दो ट्रेवल एजेंसियों पर केस दर्ज

 ट्रेवल एजेंसी के संचालक ने विदेश भेजने के नाम पर 5.45 लाख रुपये की ठगी कर ली। युवक को टिकट देकर दुबई जाने को कहा। एयरपोर्ट पहुंचने पर कर्मचारियों ने टिकट को फर्जी बताया। इसके बाद उसने किसी तरह दुबई भेजा, लेकिन उसे काम नहीं दिलाया। यह मामला सहजनवा थाना क्षेत्र का है।

पीड़ित की तहरीर पर रविवार को पुलिस ने संचालक पर केस दर्ज कर आगे की जांच कर रही है। आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना, रैचंदपट्टी निवासी ईशा ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि सहजनवा तहसील रोड स्थित श्री बालाजी ट्रेवल कंसल्टेंसी के संचालक कौशिक उपाध्याय से उनके पुत्र अनीश अहमद, भांजा आरिफ अहमद व कन्हैया को दुबई भेजने के लिए बातचीत हुई थी।

संचालक ने तीनों को विदेश भेजने के नाम पर करीब 5.45 लाख रुपये वसूल किए और फर्जी टिकट भी थमा दिया। दबाव बनाने पर आरोपित ने सितंबर में दुबई भेज तो दिया, लेकिन वहां काम नहीं दिलाया। उन्हें दूसरों के कमरे में रहकर समय काटना पड़ रहा है। फोन करने पर संचालक रिसीव नहीं कर रहा। थानाध्यक्ष महेश चौबे ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

विदेश भेजने के नाम पर लिए रुपये, कार्यालय बंद कर फरार

कार्यालय खोलकर जालसाज ने कई लोगों को विदेश भेजने के नाम पर झांसे में लिया। शैक्षिक प्रमाणपत्र समेत अन्य कागजात और रुपये भी लिए। इसके बाद कार्यालय बंद कर फरार हो गया। पीड़ितों ने इसकी शिकायत पुलिस कार्यालय में की। एसएसपी के निर्देश पर चिलुआताल थाना पुलिस ने रविवार को दो नामजद व अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देवरिया जनपद के वरईपटी निवासी सुनील कुमार शर्मा ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि जगतबेला रोड स्थित बुढ़ियाबारी चौराहे पर रविंद्र सिंह के मकान में एशियन इंटर प्राइजेज के नाम से कार्यालय खोला गया था। अजय सिंह, रवि गुप्ता व उनके साथियों ने विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे रुपये वसूले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *