ब्लाक क्षेत्र के 10 से अधिक गांवों में बीते सात दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से पानी के लिए लोग परेशान हैं। ऐसे में पानी के लिए क्षेत्र पंचायत द्वारा लगवाए गए सोलर टंकी प्लांट ग्रामीणों के लिए संकट काल में वरदान साबित हो रहे हैं। हालत यह हैं को रोजमर्रा की जरूरत के लिए लोग इसी सोलर पंप से पानी भरकर काम चला रहे हैं।
कुसमिलिया पावर हाउस से जुड़े कई गांवों में सात दिन से बिजली नहीं आ रही है। इसके चलते घरों में लगे सबमर्सिबल और नलकूप बंद हैं। सरकारी हैंडपंप भी गर्मी के कारण पानी छोड़ चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हैंडपंप से एक-दो बर्तन पानी खींचने में ही पसीना निकल आता है और अधिक ताकत लगानी पड़ रही है।
सोलर टंकी प्लांट ही ग्रामीणों का एकमात्र सहारा
बिजली संकट के बीच क्षेत्र पंचायत के द्वारा स्थापित 20 से अधिक सोलर टंकी प्लांट ही ग्रामीणों का एकमात्र सहारा हैं। सोलर ऊर्जा से चलने वाले इन प्लांटों से ग्रामीणों को बिना बिजली के भी लगातार पानी मिल रहा है। ग्रामीण रामकेवल, यशवंत, कृपाल प्रजापति, इंदल सिंह, जितेंद्र, पोटे वर्मा, प्रेम नारायण, बबलू कुशवाहा ने बताया कि इस गर्मी में सरकारी हैंडपंप भी जवाब दे चुके हैं।
ब्लाक के डकोर, मोहम्मदाबाद, ददरी, ऐरी रमपुरा, टीकर, बंधौली, गुढ़ा, जैसारी खुर्द, जैसारी कला आदि गांव में सोलर टंकी प्लांट से लोग सीधे लाभान्वित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है साथ ही क्षेत्र पंचायत की सोलर टंकी योजना की सराहना करते हुए अन्य गांवों में भी ऐसे प्लांट लगाने की मांग उठाई है।


