शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर दो माह में की 4.63 करोड़ की ठगी, तीन आरोपित गिरफ्तार

शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर दो माह में 4.63 करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। बंगाल के साइबर अपराधियों के गिरोह के तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित दिल्ली और मुंबई से फर्जी कंपनी के माध्यम से गिरोह का संचालन करते थे। आरोपितों के पास नगदी तो नहीं मिली, लेकिन काफी सामान बरामद हुआ है। उनके तीन साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस लगी है।

एएसपी प्रवीण सिंह चौहान ने शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन में बताया कि कपड़ा व्यापारी मुकुल निवासी बड़ौत ने 23 फरवरी को शिकायत की थी कि एक वाट्सएप ग्रुप में जोड़कर शेयर मार्केट में निवेश कर अच्छी कमाई करने का अज्ञात व्यक्ति ने लालच दिया था। मोबाइल पर लिंक भेजकर फर्जी एप डाउनलोड कराया था। निवेश के नाम पर विभिन्न बैंक खातों में 16,19,000 रुपये ट्रांसफर कराए। तत्काल बैंक खाते फ्रीज कर रुपये वापस कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।

मुकदमा दर्ज कर विवेचना की तो प्रकाश में आए मोहित अग्रवाल निवासी सुकांता सोरानी, वार्ड 26, अनुराग प्रसाद निवासी भगत सिंह रोड, संतोषनगर, सिलीगुड़ी बाजार, विवेक कुमार गुप्ता निवासी पट्टी चौधरान निकट लक्ष्मीबाई प्राइमरी विद्यालय दार्जलिंग बंगाल को शुक्रवार शाम को दिल्ली से देहरादून जाते समय दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर नैथला मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मोहित ने जानकारी दी कि वह अनुराग प्रसाद व निजाम के साथ मिलकर अलग-अलग फर्जी कंपनियां खोलते थे। विभिन्न व्यक्तियों के नाम पर बैंकों में करंट अकाउंट खुलवाते थे। शेयर मार्केट में निवेश के बहाने लोगों से फर्जी कंपनी के खातों में रुपये ट्रांसफर कराते थे।

फर्जी दस्तावेज उसके द्वारा तैयार किए जाते थे। आरोपित फर्जी शेयर मार्केट, वेबसाइट, एप बनाकर लोगों को अधिक लाभ का लालच देते थे। जब कोई व्यक्ति अधिक धनराशि निवेश कर देता था तो उसका नंबर ब्लाक कर देते थे। इस कार्य में निजाम, सुदीप दास, विकार शेखर पठान निवासीगण दार्जलिंग भी शामिल रहे हैं। आरोपितों ने पिछले दो माह में उप्र, दिल्ली, गुजरात, तेलंगाना, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, ओडिशा आदि स्थानों के 39 लोगों से 4,63,48,294 रुपये की ठगी की है। पुलिस के मुताबिक आरोपितों ने दिल्ली में जूतों की दुकान खोल रखी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *