चांदहट थाना क्षेत्र स्थित बी-फार्मेसी के छात्र की पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मृतक के साथियों पर ही लगा है। आरोपित हत्या के बाद युवक के शव को पलवल के एक निजी अस्पताल के बाहर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर सात नामजद के विरुद्ध हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले में शहर के राजीव नगर के रहने वाले शिकायतकर्ता मृतक के चाचा सौदान सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका भतीजा योगेश बी-फार्मेसी का छात्र था और उसकी हत्या साथियों ने की है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायत के अनुसार 29 मई को राजीव नगर के रहने वाले नशे की हालत में डॉक्टर राजेश ने उनके परिवार को गाली-गलौज की थी और देख लेने की धमकी दी थी। इसके बाद, 30 मई की रात आठ बजे गौरव का फोन योगेश के पिता भीमसेन के पास आया।
गौरव ने कहा कि योगेश की तबीयत बहुत खराब है और वे उसे पलवल के एक निजी अस्पताल में लेकर आए हैं, इसलिए वे तुरंत वहां पहुंचें। सूचना मिलते ही जब योगेश के स्वजन निजी अस्पताल पहुंचे, तो वहां डॉक्टर लोकेश मिला। जब स्वजन ने अंदर जाकर देखा तो योगेश मृत अवस्था में पड़ा था और उसके साथ आए सभी दोस्त वहां से गायब थे।
मृतक योगेश के पिता भीमसेन ने बताया कि आरोपित उनके बेटे को घर से साजिश के तहत बुलाकर ले गए थे और हत्या करने के बाद शव को अस्पताल छोड़कर भाग गए। इस घटना के बाद से जिला नागरिक अस्पताल में स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
चांदहट थाना प्रभारी नरेंद्र ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि राजीव नगर का रहने वला योगेश अपने दोस्तों के साथ चांदहट थाना क्षेत्र के एक स्विमिंग पूल में नहाने गया था। वहीं पर उसके दोस्तों ने वारदात को अंजाम दिया और शव को गुरुनानक अस्पताल पलवल पहुंचाकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी भेजा। 31 मई को पुलिस ने मृतक के चाचा सौदान सिंह की शिकायत पर राजीव नगर के रहने वाले राजेश, गौरव, अजीत, मोनू, सुरेंद्र, जितेंद्र उर्फ जीतू और सोनू पर मुकदमा दर्ज किया गया है।। पुलिस ने आरोपितों की धरपकड़ के लिए टीमें लगा दी हैं और दावा किया है कि जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


