सिंगरौली: तेज आंधी-तूफान के दौरान नवानगर क्षेत्र में पेड़ गिरने से महिला की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

8.7kViews
1622 Shares

सिंगरौली। जिले में रविवार शाम अचानक बदले मौसम के मिजाज के बाद तेज आंधी, तूफान और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। इसी दौरान नवानगर थाना क्षेत्र के ग्राम अमझर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज हवाओं के चलते एक पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से यात्री प्रतीक्षालय गिर गया जिसकी चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। साथ की कुछ और लोगों के घायल होने की जानकारी आई है। वहीं गंभीर घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए नेहरू चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। गुस्साए ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन से उचित कार्रवाई एवं मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही नवानगर थाना प्रभारी डॉ. अनिल कुमार पटेल अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान सरिता शाह (25 वर्ष), पति राजेंद्र शाह, निवासी ग्राम अमझर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आंधी-तूफान के दौरान अचानक पेड़ गिरने से यात्री प्रतीक्षालय चपेट में आया जिस वजह से यात्री प्रतीक्षालय गिर गया उसकी चपेट में महिला आ गई थीं, जिससे महिला को गंभीर चोटें आईं। परिजन एवं ग्रामीण तत्काल उन्हें नेहरू चिकित्सालय लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

Advertisement (Bill #A13)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *