होली पर्व पर पलवल में पुलिस का कड़ा पहरा, हुड़दंगियों पर होगी सख्त कार्रवाई, 1000 से अधिक कर्मी तैनात

आगामी होली और धुलहैंडी के पावन पर्व को देखते हुए जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि त्योहार की आड़ में हुड़दंग करने वालों या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले में एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

पुलिस प्रवक्ता कार्यालय के अनुसार, जिले भर में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक खाका तैयार किया गया है। जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में 22 चिन्हित स्थानों पर विशेष नाके लगाए गए हैं। करीब 30 पैदल गश्त टीमें, कमांडो यूनिट, पीसीआर और राइडर्स को तैनात किया गया है जो मुख्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में निरंतर निगरानी रखेंगे। जिला उपायुक्त द्वारा ड्यूटी मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति भी की गई है, जिनके साथ समन्वय बनाकर पुलिस स्थिति पर पैनी नजर रखेगी।

एसपी वरुण सिंगला ने जिलावासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए एक विशेष संदेश दिया। उन्होंने अपील की कि इस होली पर लोग नशे जैसी सामाजिक बुराई का दहन करने की शपथ लें। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं को बर्बाद कर रहा है और देश के विकास में बाधक है। आइए, इस पावन पर्व पर हम मिलकर पलवल को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने का संकल्प लें।

पुलिस अधीक्षक ने नशा तस्करी को रोकने के लिए विशेष योजना बनाई है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मेडिकल स्टोर संचालकों की बैठक लें और सुनिश्चित करें कि नशे के रूप में इस्तेमाल होने वाली दवाइयों की बिक्री न हो। आमजन से अपील की गई है कि नशा बेचने वालों की जानकारी डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा होटल, ढाबे, धर्मशाला, मस्जिद और सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए विशेष तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

एसपी ने जनता से सद्भाव के साथ त्योहार मनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें और भीड़ एकत्रित न होने दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *