गुरदासपुर में सेहत विभाग की छापेमारी; मिठाई दुकानों से दस सैंपल लेकर लैब भेजे

2.2kViews
1093 Shares

 गुरदासपुर के फतेहगढ़ चूड़ियां में सेहत विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीकानेर मिठाई की दुकान सहित कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई सेहत विभाग के सहायक कमिश्नर (फूड) डा. जीएस पन्नू की अध्यक्षता में की गई। विभाग का उद्देश्य इलाके में बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करना और मिलावट पर रोक लगाना है।

छापेमारी के दौरान टीम ने विभिन्न दुकानों से करीब दस सैंपल एकत्रित किए। इनमें मिठाइयों के साथ-साथ अन्य खाने-पीने की वस्तुएं भी शामिल हैं। अधिकारियों ने दुकानों में रखे सामान, साफ-सफाई की व्यवस्था, रसोई की स्थिति और भंडारण के तरीकों का बारीकी से निरीक्षण किया। कुछ स्थानों पर स्टॉक को रखने के तरीके और स्वच्छता को लेकर दुकानदारों को मौके पर ही हिदायतें भी दी गईं।

जिन दुकानों से सैंपल लिए गए हैं, उन्हें आगे की जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप हैं या नहीं।

लोगों की सेहत के प्रति खिलवाड़ असहनीय

डा. जीएस पन्नू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रशासन किसी भी दुकानदार को लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं देगा। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *