बरेली के पास फिर हुई ट्रेन पर पत्थरबाजी, बेगमपुरा एक्सप्रेस में सफर कर रही महिला के साथ जो हुआ…

1532 Shares

मीरानपुर कटरा के पास गुरुवार रात बेगमपुरा एक्सप्रेस पर किसी ने पत्थर फेंक दिया। पत्थर एक महिला के हाथ में लगा। महिला ने मुरादाबाद जंक्शन पर पहुंचने पर मामले की सूचना दी। इसके बाद बरेली जंक्शन आरपीएफ और जीआरपी की ओर से महिला से संपर्क किया गया लेकिन महिला ने तहरीर दर्ज करने से इन्कार कर दिया।

इससे पहले भी ट्रेनों पर पत्थर फेंकने की घटनाएं हो चुकी हैं। रेलवे अधिकारियों ने पत्थर फेंकने वाले की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक एक महिला बेगमपुरा एक्सप्रेस से जा रही थी। ट्रेन का बरेली जंक्शन पर ठहराव नहीं है।

26 फरवरी की रात करीब पौने नौ बजे ट्रेन मीरानपुर कटरा के पास पहुंची कि तभी किसी ने ट्रेन पर पत्थर फेंका जो महिला के हाथ में लगा। ट्रेन जब मुरादाबाद पहुंची तो महिला ने इसकी जानकारी दी। महिला को देहरादून जाना था, इसलिए उसने लिखित शिकायत नहीं की।

यात्री को किन्नर ने दांत से काटा, मारपीट, प्राथमिकी

ट्रेन के अंदर सुल्तानपुर निवासी भास्कर यादव से किन्नर विष्णु कुमार ने मारपीट की। भास्कर ने जीआरपी बरेली जंक्शन थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। भास्कर ने पुलिस को बताया कि वह आंवला स्टेशन से बरेली आ रहा था। रामगंगा सेतु के पास किन्नर उनसे जबरन पैसा मांगने लगा तो उन्होंने मना किया, इस पर किन्नर ने उनके साथ मारपीट की, जिसमें उनके काफी चोटें आई हैं। किन्नर ने दांत से भी काट लिया।

ट्रेनों में घुसकर सामान बेचने वाले नौ वेंडर पकड़े

बरेली जंक्शन पर आरपीएफ ने ट्रेनों के अंदर घुसकर अवैध रूप से सामान बेचने वाले नौ वेंडर को पकड़ लिया। सभी को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। रेलवे अधिकारियों ने ट्रेनों के अंदर सिर्फ अधिकृत वेंडरों को ही सामान बेचने के निर्देश दिए हैं।

जबरन क्रासिंग पार करने वाले सात पकड़े

आरपीएफ बरेली जंक्शन ने मीरानपुर कटरा के पास बंद क्रासिंग पार करने वालों के खिलाफ शुक्रवार को अभियान चलाया। इस दौरान सात लोगों को पकड़कर थाने लाया गया। इसमें कई बाइक से क्रासिंग पार कर रहे थे। कटरा में एक साथ दो आरओबी बनने की वजह से क्रासिंग बंद है। लोगों को काफी दूर से घूमकर जाना पड़ता है, ऐसे में लोग अपनी जान जोखिम में डालकर क्रासिंग पार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *