दिल्ली में 26 जनवरी धमाका साजिश में सफीदों निवासी कुलदीप उर्फ कालू का नाम, लुधियाना पुलिस ने किया हिरासत में
देश की राजधानी दिल्ली में 26 जनवरी को बम धमाका करने की साजिश का खुलासा हुआ है। इस मामले में हरियाणा के सफीदों शहर के वार्ड नंबर पांच निवासी 36 वर्षीय कुलदीप उर्फ कालू का नाम सामने आया है।
सोमवार शाम पंजाब के लुधियाना से आई पुलिस टीम ने सफीदों पहुंचकर कुलदीप को उसके घर से हिरासत में लिया। उस पर खालिस्तान समर्थकों के संपर्क में होने का शक जताया गया है। बताया जा रहा है कि वह अपनी फेसबुक आईडी पर खालिस्तानियों के फोन नंबरों को डीपी के रूप में लगाकर रखता था।
कुलदीप पर आरोप है कि वह खालिस्तान समर्थकों के साथ मिलकर 26 जनवरी को दिल्ली में आतंकी हमला करने की योजना में शामिल था। इसी मामले में लुधियाना से कई अन्य लोगों को भी पुलिस ने पकड़ा है।
अमेरिका में जेल की सजा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कुलदीप 2019 में डंकी के रास्ते अमेरिका गया था। वहां उसे स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था और करीब 10 महीने तक जेल में रखा गया था।
जांच एजेंसियों का कहना है कि कुलदीप की गतिविधियां लंबे समय से संदिग्ध रही हैं। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर खालिस्तान समर्थक सामग्री और संपर्क नंबर पाए गए हैं। फिलहाल पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
यह घटना सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चिंता का विषय है, क्योंकि राष्ट्रीय पर्व पर आतंकी साजिश का खुलासा होना देश की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।


