फर्जी पुलिसवाले ने थाने के गेट पर व्यापारी को ठगा, अयोध्या में सरसों बेचने के नाम पर 20 दिनों के भीतर दूसरी वारदात

1513 Shares

सरसों बेचने के नाम पर रौनाही थाना गेट पर हुई व्यापारी से ठगी का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि इसी प्रकार की घटना कुमारगंज थाना गेट पर भी हुई। जिले में पुलिस की वर्दी में घूम रहे बदमाश थानेदारों के नाम पर लोगों को ठग रहे हैं।

20 दिनों के भीतर जिले में यह दूसरी घटना है, जिसमें सरसों बेचने का झांसा देकर थानेदार के नाम पर व्यापारी से ठगी की गई है। दाेनों ही मामलों में वारदात करने वाले अभी तक पहेली बने हैं। दोनों घटनाओं ने पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी है।

कुमारगंज के बवां रोड निवासी व्यापारी अनिरुद्ध ने बताया कि गुरुवार की शाम एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी में उनकी दुकान पर बाइक से आया। उसने थाने का दीवान बताया और कहाकि वह तथा बड़े साहब (थाना प्रभारी ) के कहने पर सरसों का भाव लेने आया है।

उसने व्यापारी से कहा कि थाने में नौ क्विंटल सरसों रखी है, जिसे बेचना है। ठग ने व्यापारी से 70 रुपये प्रति किलो के हिसाब से सरसों बेचने की बात कही, लेकिन मोलभाव के बाद 61 रुपये में सौदा तय हुआ।

सरसों का भाव तय हो जाने पर आरोपी ने व्यापारी से 50 हजार रुपये नकद लिए और उसे सरसों लादने के लिए साथ चलने को कहा। वर्दी पर भरोसा करके व्यापारी ने उसे 50 हजार रुपये का अग्रिम भुगतान कर दिया।

ठग ने उसे आश्वासन दिया कि तौल के बाद शेष हिसाब हो जाएगा। व्यापारी अपना ई-रिक्शा लेकर ठग के साथ चला गया। जब व्यापारी थाने गेट पर पहुंचा तो ठग ने उनसे कमरे की चाभी कहीं गिर जाने का बहाना बता कर खोजने के लिए चला गया।

काफी समय बीत जाने के बाद जब वह वापस नहीं आया, तो व्यापारी ने प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार से सरसों के बारे में जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक ने उन्हें बताया कि उनके साथ ठगी हुई है।

थाना प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस कर्मियों को आरोपी की तलाश में भेजा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि उसने आरोपी पर विश्वास करके रुपये दिए थे, जो उसने दो-तीन दुकानदारों से मांगकर जुटाए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *