IPL 2026: अश्विन के सवाल पर वैभव सूर्यवंशी का चौंकाने वाला जवाब टेस्ट क्रिकेट है मेरा सपना

 

आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा। टीम भले ही क्वालिफायर-2 तक पहुंचकर खिताब जीतने से चूक गई, लेकिन 15 वर्षीय बल्लेबाज ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 16 मैचों में 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए फाइनल के बाद भारत के पूर्व ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इस साल वैभव ने लगभग सभी बड़े पुरस्कार जीत लिए, बस सबसे ज्यादा चौके लगाने का अवॉर्ड नहीं जीत पाए। अश्विन की इस टिप्पणी पर वैभव ने संकेत दिया कि वह अब अपने खेल के दूसरे पहलुओं पर भी काम कर रहे हैं और भविष्य में लोग उन्हें अलग अंदाज में बल्लेबाजी करते देखेंगे।
वैभव ने कहा, ‘हां, मुझे मैदान पर खेलना होगा क्योंकि अगला असाइनमेंट वनडे प्रारूप में है। मैंने लाल गेंद से काफी अभ्यास किया है, लेकिन किसी ने मुझे ऐसा करते हुए नहीं देखा है। हालांकि, लोग जल्द ही इसे देखेंगे।’ युवा बल्लेबाज ने बताया कि टी20 क्रिकेट में उनके आक्रामक खेल को अक्सर गलत तरीके से समझा जाता है। उनका कहना है कि बड़े शॉट खेलने के पीछे मजबूरी नहीं बल्कि आत्मविश्वास है।

उन्होंने कहा, ‘लोग सोचते हैं कि मुझे हर गेंद पर शॉट खेलना पसंद है, लेकिन यह टी20 प्रारूप है और कोच मुझे खुलकर खेलने की आजादी देते हैं। मैं गेंद पर इसलिए प्रहार करता हूं क्योंकि मुझे पता होता है कि मैं ऐसा कर सकता हूं, न कि किसी मजबूरी की वजह से।’
टेस्ट क्रिकेट खेलने का सपना
वैभव सूर्यवंशी ने स्पष्ट किया कि उनका अंतिम लक्ष्य भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना है। उन्होंने बताया कि उनके पिता हमेशा से उन्हें टेस्ट क्रिकेट की अहमियत समझाते रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं निश्चित रूप से टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहता हूं क्योंकि मेरे पिता ने भी मुझे सिखाया है कि यही क्रिकेट का सर्वोच्च प्रारूप है। मैंने यह प्रारूप खेला भी है, लेकिन अभी ज्यादा मैच खेलने का मौका नहीं मिला है। मैंने रणजी ट्रॉफी क्रिकेट खेली, मगर मुझे बहुत अधिक अवसर नहीं मिले और यह मेरे लिए चुनौतीपूर्ण रहा। लेकिन मैं अपने खेल के इस पहलू पर लगातार काम करता रहूंगा।’
आईपीएल 2026 के समापन पर वैभव सूर्यवंशी ने पुरस्कारों की झड़ी लगा दी। उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन, ऑरेंज कैप विजेता और सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन जैसे कई सम्मान मिले। अपने आक्रामक अंदाज और रिकॉर्डतोड़ रन बनाने की क्षमता से प्रभावित करने वाले वैभव अब लाल गेंद के क्रिकेट में भी खुद को साबित करने की तैयारी में जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *