बठिंडा में लुटेरों का आतंक जारी: मजदूर का पर्स छीना, महिला का मोबाइल झपटने की कोशिश

1344 Shares

पंजाब के बठिंडा शहर को अपराध मुक्त बनाने के लिए पुलिस की ओर से गश्त बढ़ाने और नाकाबंदी कर संदिग्ध लोगों की जांच के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद लुटेरों, झपटमारों और जेबकतरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों में तीन वारदातें सामने आई हैं, जिससे लोगों में भय और चिंता का माहौल है।

पहली वारदात शुक्रवार देर शाम अमरीक सिंह रोड पर हुई। परसराम नगर निवासी रिंकू कुमार ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी का काम करता है। वह गली नंबर 1 स्थित एक प्लाईवुड की दुकान से सामान लेने जा रहा था। जैसे ही वह गली में पहुंचा, पीछे से पैदल आए दो अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया और मारपीट कर उसकी जेब से पर्स छीनकर फरार हो गए।

पीड़ित के अनुसार पर्स में करीब छह हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज थे। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी वारदात गुरु गोबिंद नगर में हुई

दूसरी वारदात शनिवार सुबह गुरु गोबिंद सिंह नगर की गली नंबर 5-10 के पास हुई। इलाके की रहने वाली रीना ने बताया कि वह घरों में साफ-सफाई का काम करती है। वह पैदल काम पर जा रही थी और मोबाइल पर बात कर रही थी। तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए। पीछे बैठे युवक ने उसके हाथ से मोबाइल झपटने की कोशिश की। मोबाइल नीचे गिर गया और आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *