जिले के लिए यातायात और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक और अध्याय जुड़ने जा रहा है। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा द्वारा हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान दिए गए जवाब से यह चिह्नित हुआ कि पटौदी से होडल तक बनने वाले नए फोरलेन मार्ग से झज्जर जिला सीधे दक्षिण हरियाणा के महत्वपूर्ण केंद्रों से जुड़ जाएगा। यह जानकारी उन्होंने विधायक मो. इलियास द्वारा सदन में पूछे गए एक प्रश्न का उत्तर देते हुए साझा की। हालांकि यह प्रश्न विधायक द्वारा अपने क्षेत्र के संदर्भ में था, लेकिन इस परियोजना का एक बड़ा रणनीतिक लाभ झज्जर जिले, विशेषकर कुलाना और आसपास के क्षेत्रों को मिलना तय है।
दो चरणों का काम, क्षेत्र को दोहरा फायदा
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि होडल से पटौदी और फिर कुलाना को जोड़ने वाला यह मार्ग दो मुख्य चरणों में पूरा किया जाएगा। इन दोनों ही चरणों के निर्माण से कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।
1. प्रथम चरण (होडल से बिलासपुर चौक): नूंह के रास्ते आने वाला यह 71 किलोमीटर का हिस्सा 616.01 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। इसके बनने से क्षेत्र के लोगों के लिए पलवल और नूंह की ओर जाना बेहद सुगम हो जाएगा।
2. द्वितीय चरण (बिलासपुर चौक से कुलाना वाया पटौदी): यह झज्जर के लिए सबसे महत्वपूर्ण खंड है। 71 से 96 किलोमीटर तक के इस हिस्से के लिए 476.07 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी जा चुकी है।झज्जर को यातायात की दृष्टि से होने वाले लाभ एक अतिरिक्त बेहतर मार्ग से कुलाना अब सीधे पटौदी, बिलासपुर और होडल जैसे बड़े व्यापारिक केंद्रों से फोरलेन के जरिए जुड़ जाएगा। वर्तमान में संकरी सड़कों के कारण होने वाली देरी समाप्त होगी और समय की भारी बचत होगी। यह मार्ग झज्जर जिले को एक नए आर्थिक कारिडोर के रूप में स्थापित करेगा, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। फोरलेन निर्माण से भारी वाहनों का दबाव कम होगा और सड़क हादसों में कमी आएगी।
सदन में यह भी बताया गया दूसरे खंड के लिए करीब 27 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है और वन विभाग की मंजूरी के साथ ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।


