आनंद विहार बस अड्डे की सुरक्षा होगी और मजबूत, अत्याधुनिक सीसीटीवी और कंट्रोल रूम की तैयारी
दिल्ली सरकार राजधानी के प्रमुख बस टर्मिनलों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक व्यापक योजना पर काम कर रही है। इस योजना के तहत यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आनंद विहार बस अड्डे पर अत्याधुनिक निगरानी व्यवस्था लागू की जाएगी।
प्रस्तावित योजना के अनुसार, आनंद विहार बस अड्डे पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और एक पूर्ण ट्रैफिक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा, जिससे बसों की आवाजाही और यात्रियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा सकेगी। इसी तर्ज पर सराय काले खां बस अड्डे को भी आधुनिक सुरक्षा प्रणाली से लैस किया जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक, योजना के अंतर्गत आनंद विहार बस अड्डे के सभी प्रवेश और निकास द्वारों सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर लगभग 35 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इससे न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक प्रबंधन में भी मदद मिलेगी।


