गर्लफ्रेंड ने पहले दूध में नशा मिलाकर पिलाया, फिर धारदार हथियार से काटा प्राइवेट पार्ट; पीड़ित खुद पहुंचा अस्पताल
उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद थाना क्षेत्र में महिला ने युवक को नशीला पदार्थ देकर उसके प्राइवेट पार्ट पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित की पहचान यूपी, रामपुर के विसरजीत के रूप में हुई है।
घायल को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं आरोपित महिला की पहचान मूलरूप से कटिहार, बिहार की अमीना खातून के रूप में हुई है, जो फिलहाल फरार है। पीड़ित के बयान पर वजीराबाद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित महिला की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, 25 फरवरी को वजीराबाद थाना पुलिस की टीम को हिंदू राव अस्पताल से सूचना मिली कि विसरजीत को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही जांच अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल का एमएलसी प्राप्त कर उसका बयान दर्ज किया।
ये है पूरा मामला
घायल ने पुलिस को बताया कि वह 24 फरवरी को दिल्ली आया था और वजीराबाद स्थित संगम विहार इलाके में अपनी महिला मित्र अमीना खातून के साथ रुका था, जो पिछले दो वर्षों से उसकी परिचित है।
आरोप है कि रात के समय महिला ने उसे दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। देर रात करीब 2:30 बजे जब वह नशे की हालत में सो रहा था, तभी अमीना ने धारदार हथियार से उसके प्राइवेट पार्ट पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल ने शोर मचाया और खुद ही घायलावस्था में अस्पताल पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी सर्जरी की गई।
पुलिस ने घायल के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपित महिला अमीना खातून घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
सूत्रों के हवाले से यह खबर जरूर चल रही है कि युवक शादीशुदा था और महिला से ये बात छिपाई थी, जिस कारण ये वारदात हुई। हालांकि अभी तक पुलिस ने ऐसी किसी भी बात की पुष्टि से इनकार किया है। इसका कारण है कि न युवक ने कुछ बताया है और न ही महिला गिरफ्तार हो सकी है।


