मुक्तसर मलोट हाईवे तेज रफ्तार का कहर; कार व ई-रिक्शा की टक्कर, दोनों चालकों की मौत

1321 Shares

मुक्तसर–मलोट हाईवे पर डेरा राधा स्वामी के पास शुक्रवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कार और ई-रिक्शा की जबरदस्त टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में दोनों वाहनों के चालकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और कार के एयरबैग खुल गए। हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क से नीचे जा गिरे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा शाम करीब सात बजे हुआ। मलोट की ओर से आ रही वर्ना कार (नंबर एचआर 13के 2131) तेज रफ्तार में थी। कार ने आगे चल रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ई-रिक्शा चालक गुरमेल सिंह पुत्र मुख्तियार सिंह निवासी चक्क बीर सरकार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।

घायलों को सिविल अस्पताल ले जाया गया

वहीं कार चालक बिक्रमजीत सिंह पुत्र जसवीर सिंह निवासी गांव धिगाना गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत उसे श्री मुक्तसर साहिब के सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। बाद में निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

यह हादसा कई सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि डेरा राधा स्वामी के पास हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन अक्सर हादसों का कारण बनते हैं। तीन दिन के भीतर यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले मंगलवार को दो ट्राले और एक पिकअप वाहन की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत और दो घायल हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *