भागलपुर से अगरपुर होते हुए गोराडीह कोतवाली तक 17.75 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क निर्माण परियोजना में प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके लिए जारी निविदा की तकनीकी बिड खोल दी गई है। जिसमें कुल 15 ठेका एजेंसियों ने भाग लिया है।
इस परियोजना में मुंगेर के निरंजन शर्मा, जमुई के बालकृष्ण भालोटिया और टाप लाइन इंफ्रा सहित अन्य एजेंसियों ने अपनी दावेदारी पेश की है। तकनीकी बिड से संबंधित सभी दस्तावेजों की फाइल मुख्यालय को भेज दी गई है। जहां अब इन एजेंसियों के कागजातों का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा।
मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद टेंडर कमेटी की मंजूरी ली जाएगी। इसके बाद जिन एजेंसियों के कागजात सही पाए जाएंगे उनकी वित्तीय बिड खोली जाएगी। नियम के अनुसार सबसे कम दर देने वाली एजेंसी को प्राथमिकता दी जायेगी और उसी के आधार पर चयन किया जाएगा।
जुलाई में शुरी होगा निर्माण कार्य
चयनित एजेंसी को विभाग की ओर से वर्क आर्डर जारी किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, पूरी निविदा प्रक्रिया में अधिकतम दो माह का समय लग सकता है। जुलाई में निर्माण कार्य शुरू करने की योजना है। यदि सभी प्रक्रियाएं तय समय सीमा में पूरी हो जाती हैं, तो अगले दो महीनों के अंदर फोरलेन सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद भागलपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। फोरलेन सड़क का निर्माण 101 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इस परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए विभाग ने 24 महीने का लक्ष्य तय किया है।
परियोजना के तहत सड़क को फोरलेन में विकसित किया जाएगा। जिससे आवागमन को सुगम बनाने की योजना है। जिस एजेंसी का चयन किया जाएगा उसे निर्माण कार्य पूरा करने के बाद पांच वर्षों तक सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। इस अवधि में सड़क की गुणवत्ता और मरम्मत से जुड़ी सभी आवश्यकताओं को सुनिश्चित करना एजेंसी की जिम्मेदारी होगी।
भागलपुर-कोतवाली फोरलेन निर्माण के लिए 15 एजेंसियों ने टेंडर भरा है। वित्तीय बिड खोलने कर कोई एक का चयन होगा। इसके बाद वर्क आर्डर जारी कर निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। – अरविंद गुप्ता, कार्यपालक अभियंता, आरसीडी प्रमंडल, भागलपुर


