तालाब में दो मगरमच्छ दिखने से पानी के नमूने ले रही टीम पीछे हटी, लोगों में दहशत बरकरार
मंडावली क्षेत्र के गांव कांशीरामपुर में स्थित तालाब में दो मगरमच्छ दिखने से पानी की टेस्टिंग के लिए नमूने ले रही टीम डर गई। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार सामाजिक वानिकी के अधिकारियों से तालाब से मगरमच्छ पकड़ने की मांग कर चुके हैं, लेकिन विभाग ने इस तरफ ध्यान नहीं दिया।
गुरुवार को जल निगम की टीम तालाब से पानी का नमूना ले रही थी, तभी मगरमच्छ दिखाई दिया, जिससे नमूने ले रहे जल निगम के कर्मचारी डर गए। हालांकि मगरमच्छ पानी के दूसरी तरफ चला गया। ग्रामीणों में मगरमच्छ की दहशत बरकरार है। ग्रामीण सुदेश गुप्ता, चंद्रशेखर, सुशील राठी, पुष्पेंद्र सिंह आदि ने मगरमच्छ को पकड़वाने की मांग की है।
नदी में छलांग लगाने वाले युवक का शव मिला
शेरकोट क्षेत्र में छह दिन पूर्व हरिद्वार-काशीपुर हाईवे पर स्थित खो नदी पर बने नए पुल से नदी में छलांग लगाने वाले युवक का शव गुरुवार सुबह घटना स्थल से लगभग दस किलोमीटर दूर गोरा बादल पुलिस चौकी के निकट पोषक नहर में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बीते शनिवार शाम धामपुर की मुन्नी देवी कालोनी निवासी 24 वर्षीय योगेश सैनी पुत्र दिनेश सैनी ने बाइक से उतरकर उस समय पुल से खो नदी में छलांग लगा दी थी, जब वह अपने दोस्त रिंकू के साथ बाइक से शेरकोट जा रहा था। घटना के बाद से ही मुरादाबाद से आई पीएसी के गोताखोरों की टीम और स्वजन द्वारा युवक को खो बेराज के पौंड एरिया और पोषक नहर के चलते पानी में मोटरबोट और टयूब की मदद से तलाश किया जा रहा था।


