बठिंडा के बहमन दीवाना गांव के पास 11 फरवरी को लाल सूटकेस में मिली युवती की लाश की शिनाख्त हो गई है। मृतका की पहचान मोगा जिले के बाघा पुराना की रहने वाली मलिका के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि मलिका पिछले काफी समय से बठिंडा में ही रह रही थी। फिलहाल उसके पीछे परिवार का कोई भी सदस्य सामने नहीं आया है। बठिंडा में अपने किसी दोस्त के साथ रह रही थी, लेकिन वह दोस्त कौन है और कहां रहता है, इस बारे में पुलिस को अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सूटकेस को यहां कौन और कब फेंककर गया। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि मलिका की हत्या किसने की और उसका बठिंडा में साथ रहने वाला दोस्त कौन था।
पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह मामला आपसी विवाद, प्रेम संबंध या किसी अन्य रंजिश से तो जुड़ा नहीं है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि जिले के गांव बहमन दीवाना के पास 11 फरवरी को एक खाली जगह पर लाल रंग का सूटकेस मिला था। जब पुलिस ने सूटकेस खोला तो उसमें करीब 20 वर्षीय युवती की लाश मिली। शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवती की हत्या कर शव को सूटकेस में बंद कर यहां फेंका गया है।


