विश्वविद्यालय थानाक्षेत्र के रानीपुर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक पेंट-रंग दुकानदार ने अपने पूर्व कर्मी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को अपनी ही दुकान में बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने सीसी कैमरे के फुटेज के आधार पर आरोपित दुकानदार और उसके पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, महादेव यादव की पेंट-रंग की दुकान में गांव के बबलू यादव पहले काम करता था। हाल के दिनों में बबलू ने काम छोड़कर पास में ही अपनी दुकान खोल ली थी, जिससे नाराज होकर महादेव यादव और उसका पुत्र चंदन यादव साजिश रचने लगे।
आरोप है कि मंगलवार की रात दोनों ने बहाने से बबलू को दुकान पर बुलाया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को दुकान के अंदर ही छिपाकर दोनों फरार हो गए।
देर रात जब बबलू घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। इसी दौरान आसपास लगे सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिसमें बबलू को आरोपित पिता-पुत्र के साथ जाते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर दुकान के अंदर से शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर सुरक्षित कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।


