रैपिड रेल के बाद सराय काले खां ISBT पर फोकस करेगी दिल्ली सरकार, यात्रियों को मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं

2.2kViews
1011 Shares

रैपिड रेल के शुरू हो जाने से सराय काले खां अंतरराष्ट्रीय बस टर्मिनलों (आईएसबीटी) पर दिल्ली सरकार फोकस करने जा रही है। सबसे पहले इसी आईएसबीटी के उन्नयन पर ध्यान दिया जाएगा।

दरअसल दिल्ली सरकार शहर के तीन अंतरराष्ट्रीय बस टर्मिनलों (आईएसबीटी) सराय काले खां, आनंद विहार और कश्मीरी गेट पर अगले माह से व्यापक उन्नयन (अपग्रेडेशन) शुरू करने जा रही है। जिसका लक्ष्य छह महीने में पूरा करना है। मगर अब सराय काले खां प्राथमिकता में आ गया है।

नवीनीकरण कार्य में खर्च होंगे 34 करोड़

दिल्ली परिवहन अवसंरचना विकास निगम (डीटीआइडीसी) द्वारा शुरू किए जाने वाले इस नवीनीकरण कार्य की अनुमानित लागत 34 करोड़ है। इसमें नागरिक, विद्युत और इलेक्ट्रो-मैकेनिकल मरम्मत के साथ-साथ आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली की स्थापना, आरएफआइडी आधारित प्रवेश निगरानी और वाणिज्यिक और यात्री सुविधाओं का विस्तार शामिल होगा। तीनों आईएसबीटी के पुनर्विकास पर अगले माह से शुरू होगा काम

योजना के तहत वास्तविक समय में बस के आगमन और प्रस्थान की जानकारी दिखाने वाले एलईडी डिस्प्ले बोर्ड और आरएफआईडी-आधारित बूम बैरियर परिचालन निगरानी में सुधार के लिए स्थापित किए जाएंगे। इस परियोजना में कुशल कामकाज सुनिश्चित करने के लिए विद्युत प्रणालियों, भवन अवसंरचना, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा प्रणालियों का रखरखाव और उन्नयन शामिल है।

यात्रियों की आवाजाही होगी और आसान

यह पहल दिल्ली सरकार के शहर के आईएसबीटी को हवाई अड्डे जैसी अवसंरचना और आधुनिक सुविधाओं वाले विश्व स्तरीय यात्री टर्मिनलों में पुनर्विकास करने के व्यापक प्रयास का हिस्सा है। पुनर्विकास रोड मैप के हिस्से के रूप में यात्रियों के टर्मिनलों के भीतर आसान आवाजाही की सुविधा के लिए स्तर एस्केलेटर और ट्रैवलर (चलने वाले रास्ते) स्थापित किए जाएंगे, जिससे लंबी दूरी तक चलने की आवश्यकता कम हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *