सिंगरौली:नवानगर क्षेत्र के घरौली ग्राम में आयोजित हुई पुलिस जन चौपाल, सीएसपी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं…
सिंगरौली जिले के घरौली ग्राम में आज पुलिस जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन सरकारी विद्यालय परिसर के पास किया गया।सिंगरौली पुलिस अधीक्षक शियाज केएम के मार्गदर्शन में पूरे जिले के थाना क्षेत्रों में पुलिस जन चौपाल का आयोजन हुआ। इसी क्रम में सीएसपी विंध्यनगर उमेश कुमार प्रजापति एवं नवानगर थाना प्रभारी डॉ. अनिल कुमार पटेल की मौजूदगी में ग्रामीणों को कानून, सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी समस्याएं भी पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम के दौरान सीएसपी उमेश कुमार प्रजापति ने ग्रामीणों को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, नशे के दुष्प्रभाव, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों तथा सामाजिक अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।

सीएसपी उमेश कुमार प्रजापति ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से जन चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील भी की।

वहीं थाना प्रभारी नवानगर डॉ. अनिल कुमार पटेल ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित मामलों के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में यातायात व्यवस्था, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों एवं अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के जन जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, जिससे आमजन और पुलिस के बीच विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

