नरसिंहपुर में मजदूरों को लेकर जा रहा पिकअप वाहन बरमान ओवरब्रिज से गिरा, तीन की मौत, आठ घायल

2.4kViews
1888 Shares

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के बरमान क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए। मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन NH-44 पर बने ओवरब्रिज से नीचे गिर गया, जिससे मौके पर दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। करीब आठ मजदूर घायल बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छिंदवाड़ा जिले के हर्रई क्षेत्र से मजदूर पिकअप में सवार होकर नरसिंहपुर की ओर काम के सिलसिले में जा रहे थे। बरमान के पास ओवरब्रिज पर अचानक एक बाइक चालक वाहन के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने पिकअप वाहन मोड़ा, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ओवरब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे बरमान कनेक्टिंग रोड पर जा गिरा। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से करेली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *