हरिद्वार में स्कूल में छात्राओं से टॉयलेट साफ कराने का आरोप, वीडियो वायरल होने पर DEO ने दिए जांच के निर्देश

1439 Shares

जिले के एक प्राथमिक विद्यालय में छात्रों से साफ-सफाई करवाए जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो कोतवाली क्षेत्र के पास स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर- 34 का बताया जा रहा है। वीडियो में छात्राएं स्कूल परिसर और कक्षाओं में झाड़ू लगाती नजर आ रही हैं, जबकि कुछ महिला शिक्षिकाएं भी दिखाई दे रही हैं।

इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का दावा है कि छात्राओं से शौचालय की सफाई भी कराई गई। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल मच गई है। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक अमित कुमार ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

बताया जा रहा है कि वीडियो छह फरवरी का है। उस दिन जिला प्रशासन की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया था, जिसके तहत विद्यालय में बच्चों और शिक्षकों ने साफ-सफाई की थी। इसी दौरान किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक अमित कुमार ने कहा कि संबंधित शिक्षकों से जानकारी ली जा रही है और मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में वर्तमान समय का मामला पाया गया और बच्चों से साफ सफाई करवाई गई होगी तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *