पाकिस्तान जैसा होगा भारत-बांग्लादेश क्रिकेट का हाल या फिर सुधरेंगे हालात? नई सरकार ने जाहिर किए अपने मंसूबे
भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट तनाव अब कम हो सकते हैं। बांग्लादेश में चुनाव के बाद नए मंत्रीमंडल ने शपथ ली है और और बांग्लादेश के नए राज्य खेल मंत्री अमीनुल हक ने इस बात का संकेत दिया है कि वे भारत के साथ क्रिकेट संबंधों पर चर्चा करना चाहते हैं। बांग्लादेश में शेख हसीना के तख्तापट के बाद मोहम्मद युनुस सरकार के अंतरिम अध्यक्ष बने थे और इसके बाद ही भारत-बांग्लादेश के संंबध बिगड़ गए थे।
हालांकि, अब बांग्लादेश के नए खेल मंत्री ने भारत के साथ संबंधों के सुधार पर विचार किया है। उन्होंने बांग्लादेश में भारत के उप उच्चायुक्त से मुलाकात की और बताया कि बातचीत शानदार रही है। यही नहीं उन्होंने विवाद के दौरान जिम्मेदारी संभालने वाले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों के चुनाव को भी गलत बताया है। उनकी ऐसी बातें इस ओर इशारा कर रही हैं कि वे भारत के साथ रिश्ते में सुधार चाहते हैं।
अमीनुल हक ने दिया बड़ा बयान
क्रिकबज से बातचीत के दौरान अमीनुल हक ने कहा, “मैंने संसद भवन में भारत के उप उच्चायुक्त से मुलाकात की है। मैंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर, जो विवाद हुआ उस पर चर्चा की। वे बहुत ही मिलनसार थे और हम दोनों के बीच दोस्ताना लहजे में बातचीत हुई है। मैंने बताया कि इस मामले को हम बातचीत के जरिए सुलझाना चाहते हैं। हम अपने सभी पड़ोसी देशों के साथ मित्रता का संबंध रखना चाहते हैं। खेल के अलावा अन्य संबंधों पर भी हम मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखना चाहते हैं।”
बांग्लादेश का टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होना
मुस्तफुजुर रहमान को रिलीज किए जाने के बाद बांग्लादेश ने भारत में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने से इनकार कर दिया था। उन्होंने अपने मुकाबले श्रीलंका में शिफ्ट करने की मांग की थी लेकिन आईसीसी ने इससे मना कर दिया था। इसके बाद बांग्लादेश ने अपनी टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया था और उनकी जगह आईसीसी ने स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया था। अब बांग्लादेश में चुनाव के बाद नई सरकार बनी है और तारिक रहमान की अगुवाई वाली सरकार भारत के साथ सभी तरह के संबंधों को सुधारने की कोशिश कर रही है।


