हिसार में बुलडोजर एक्शन, पांच घंटे तक चला ‘पीला पंजा’; 100 से ज्यादा अवैध निर्माण ध्वस्त

1370 Shares

 हरियाणा के हिसार जिले में शहर की सड़कों और सरकारी जमीन पर लंबे समय से जारी अवैध कब्जें और अतिक्रमण के खिलाफ आखिरकार वीरवार को प्रशासन की जेसीबी चली। वीरवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी में सेक्टर 16-17 में व्यापक अवैध कब्जे हटाओ अभियान चलाया।

दोपहर 12 बजकर 16 मिनट पर मकान नंबर-19 से शुरू हुआ यह अभियान शाम पांच बजे तक चलता रहा, जिसमें 100 से अधिक अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (एचएसएएमबी) से ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ सुरेंद्र के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में एचएसवीपी का एक एसडीओ और तीन जूनियर इंजीनियरों की टीम ने सुनियोजित ढंग से काम किया।

टीम ने मकान नंबर-19 से लेकर 936 नंबर तक क्रमबद्ध तरीके से कब्जे हटाए। लगभग पांच घंटे तक चली इस मुहिम में सड़कों और सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने का प्रयास किया गया।

सुबह से शाम तक यूं चली कब्जे हटाने की कार्रवाई

अवैध कब्जे हटाने के अभियान की शुरुआत सुबह नौ बजे की तैयारियों से हुई, जब एचएसवीपी टीम पुलिस सहायता के लिए थाने पहुंची। महिला पुलिसकर्मियों की अनुपलब्धता से कार्रवाई में विलंब हुआ। दोपहर करीब 12 बजे टीम को पुलिस बल मिला।

इसके बाद 12:08 बजे टीम थाने से मौके के लिए रवाना हुई और 12:16 बजे पहली ग्रिल पर जेसीबी का पंजा चला। कार्रवाई के दौरान कहीं ग्रिल हटाई गई, तो कहीं दीवारें तोड़ी गईं। बेसहारा पशुओं के लिए बनाए गए होद, अवैध खोखे और अन्य ढांचों को भी हटाया गया। मार्केट क्षेत्र के सामने भी अतिक्रमण साफ किया गया।

विरोध के बावजूद कार्रवाई जारी

मार्केट के सामने ग्रिल बेल्ट में जब एक खोखे पर जेसीबी चली, तो एक स्थानीय व्यक्ति ने विरोध जताया। हालांकि अन्य सेक्टरवासियों और अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो गई और अभियान बिना किसी बड़े व्यवधान के आगे बढ़ता रहा।

सेक्टर में 5 से 10 फीट तक फैले थे निजी दायरे

कई संपत्ति मालिकों ने घरों के आगे 5 से 10 फीट तक जमीन पर कब्जा जमा रखा था। कहीं लोहे की ग्रिल लगाकर स्थायी घेराबंदी की गई थी, तो कहीं छोटे-छोटे दीवारनुमा अवरोध खड़े कर पड़ोसियों से दूरी बनाने के नाम पर सार्वजनिक जमीन को निजी बना लिया गया था। रैंप, चबूतरे और अन्य संरचनाओं के जरिए सड़क की चौड़ाई तक सिकुड़ चुकी थी।

शहर में दिख रहा हाई कोर्ट के आदेश का असर

यह पूरी कार्रवाई हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद राज्य सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल की ओर से 16 अप्रैल को जारी आदेश के तहत की गई। आदेश में एचएसीवीपी के सीए के माध्यम से सड़क और उससे सटी सरकारी जमीन पर बने हर प्रकार के अवैध निर्माण चबूतरे, रैंप, बागवानी और अन्य संरचनाओं को हटाने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, अभियान के दौरान रैंप पर टीम ने नरमी दिखाई।

अगले सप्ताह फिर से अवैध कब्जे पर चलेगी जेसीबी

एचएसवीपी के एसडीओ राम प्रसाद ने बताया कि तीन जेसीबी की मदद से यह कार्रवाई की गई और पुलिस बल की देरी के कारण शुरुआत देर से हो सकी। सेक्टर 16-17 के मकान नंबर 936 तक कार्रवाई पूरी कर ली गई है और अगले सप्ताह भी यह अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *