पिता को बिना बताए गाड़ी लेकर दोस्तों के साथ चला गया था हार्दिक, शिवरात्रि के दिन बुझ गए 3 घरों के चिराग

2.8kViews
1067 Shares

 हिमाचल प्रदेश के मंडी में महाशिवरात्रि पर सुबह चार बजे हुए भीषण सड़क हादसे में तीन घरों के चिराग बुझ गए। सराज के बुनालीधार के समीप हुए हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हे। ये चारों अपने एक दोस्त हार्दिक के नाना के गांव से वापस बगस्याड़ की ओर आ रहे थे। बुनालीधार के समीप जीप 200 मीटर खाई में गिर गई।

हादसे में 19 वर्षीय हार्दिक ठाकुर पुत्र योगराज निवासी राहीधार, 18 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र इंद्र सिंह निवासी थुनाग, 18 वर्षीय ईशान ठाकुर पुत्र प्रेम सिंह निवासी थरजूंडा केलोधार तहसील थुनाग की मौत हो गई, जबकि 19 वर्षीय कुशाल सिंह पुत्र रूपलाल निवासी गांव डाकघर केलोधार गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसका उपचार नेरचौक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है।

पिता को बिना बताए नाना के घर की ओर चले गए थे

जीप हार्दिक के पिता योगराज की है। रविवार देर रात को चारों दोस्त हार्दिक के नाना के गांव शिल्हीबागी की ओर चले गए थे। हार्दिक बिना घर पर बताए जीप लेकर गया था। रात करीब साढ़े नौ बजे इन्होंने बगस्याड़ पेट्रोल पंप पर 1000 रुपये का तेल भरवाया था। इसके बाद ये आगे निकल गए। सुबह के समय ही यह वापस लौट रहे थे, तो बुनालीधार के समीप बड़ा मोड़ पर जीप एचपी 65-5148 अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।

पानी मांगा और त्याग दिए प्राण

गाड़ी के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे तो देखा कि दो लोगों के शव वहां पड़े पेड़ के नीचे थे, जबकि दो घायल गाड़ी के पास थे। हादसे में सुनील और ईशान की मौके पर ही मौत हो गई थी। लोगों ने हार्दिक और कुशाल को अपनी गाड़ियों में थुनाग अस्पताल ले गए पर वहां पर ताला होने के कारण बगस्याड़ की ओर निकल गए। थुनाग अस्पताल ले जाने तक हार्दिक जिंदा था, लेकिन थोड़ी आगे जाकर उसने पानी मांगा और पानी पीने के बाद उसकी मौत हो गई।
वहीं कुशाल को बगस्याड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे नेरचौक रेफर कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *