बांग्लादेश में BNP की बंपर जीत पर ममता बनर्जी ने दी बधाई, ‘भाई’ तारिक रहमान को भेजे फूल और मिठाई
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को बांग्लादेश के 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में तारिक रहमान की पार्टी की शानदार जीत के बाद उन्हें फूल और मिठाइयां भेजीं।
बीएनपी अध्यक्ष के राजनीतिक कार्यालय (गुलशन) में पार्टी मीडिया सेल के मेंबर अतीकुर रहमान रुमान ने फूल और मिठाइयां को प्राप्त किया। ममता बनर्जी का ये कदम न केवल चुनावी जीत पर बधाई है, बल्कि दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और भौगोलिक निकटता को मजबूत करने का प्रयास भी दिखाता है।
ममता बनर्जी ने एक्स पर किया पोस्ट
उन्होंने लिखा, “बांग्लादेश में मेरे सभी भाइयों और बहनों, सभी लोगों को मेरी तरफ से दिल से बधाई, शुभेच्छा। उन सभी को मेरी तरफ से रमजान की अग्रिम मुबारकबाद। इस बड़ी जीत के लिए, मेरे तारिक भाई, उनकी पार्टी और सभी पार्टियों को मेरी बधाई। दुआ है, आप सब ठीक और खुश रहें।” उसी संदेश में उन्होंने उम्मीद जताई कि द्विपक्षीय संबंध मजबूत बने रहेंगे।
17 फरवरी को शपथ ग्रहण समारोह
बता दें कि 13वें संसदीय चुनाव और रेफरेंडम के लिए वोटिंग गुरुवार को खत्म हो गई। शुक्रवार को बांग्लादेश के इलेक्शन कमीशन ने 300 में से 297 सीटों के आधिकारिक नतीजे घोषित किए। घोषित 297 सीटों में से बीएनपी और उसके सहयोगियों को 212 सीटें मिलीं। बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले चुनावी गठबंधन ने 77 सीटें जीतीं, इस्लामी आंदोलन बांग्लादेश को एक सीट मिली और निर्दलीय उम्मीदवारों को सात सीटें मिलीं। 17 फरवरी को तारिक रहमान शपथ लेंगे।


