अतिक्रमण से दाखिल-खारिज तक परफेक्ट स्कोर; 534 अंचलों को पछाड़कर नंबर-1 बना संदेश अंचल, रचा इतिहास

1824 Shares

राज्य स्तर पर राजस्व कार्यों में संदेश अंचल ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। विभाग द्वारा जनवरी माह के कार्यों के आधार पर जारी रैंकिंग में संदेश अंचल ने पूरे बिहार में पहला स्थान प्राप्त किया है। 100 अंकों में 92.23 अंक हासिल कर इस अंचल ने सूबे में बेहतर कार्य निष्पादन का उदाहरण पेश किया है।

इस उपलब्धि से न केवल भोजपुर जिला की छवि मजबूत हुई है, बल्कि राजस्व कार्यों में तेजी और पारदर्शिता को भी बल मिला है। लंबे समय से अन्य अंचलों के पिछड़ने की छवि से जूझ रहे जिले के लिए यह बड़ी राहत मानी जा रही है।

राजस्व विभाग हर माह परिमार्जन, दाखिल-खारिज, अभियान बसेरा, आधार सीडिंग, ऑनलाइन एलपीसी, ई-मापी, अतिक्रमण, जमाबंदी, सरकारी भूमि की इंट्री व जांच सहित अन्य बिंदुओं की समीक्षा कर रैंकिंग जारी करता है।

जनवरी माह में राज्य के सभी 534 अंचलों की रैंकिंग जारी की गई, जिसमें संदेश अंचल ने शीर्ष स्थान हासिल किया। दिसंबर माह में छठे स्थान पर रहा संदेश अंचल जनवरी में पहले पायदान पर पहुंच गया।

अतिक्रमण वादों के निपटारे में संदेश अंचल ने 100 प्रतिशत प्रदर्शन करते हुए 5 में 5 अंक प्राप्त किए। वहीं चरपोखरी 96वें, पीरो 127वें और अन्य अंचल इससे नीचे रहे।

चरपोखरी ने सरकारी जमीन की इंट्री और जांच में, जबकि पीरो और अगिआंव ने अतिक्रमण निपटारे में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जिससे उनकी रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इन अंचलों में परिमार्जन और दाखिल-खारिज के मामलों में भी कमी आई है।

सुधरने का नाम नहीं ले रहा बड़हरा अंचल, फिर फिसड्डी

भोजपुर जिले का बड़हरा अंचल लगातार खराब प्रदर्शन कर रहा है। पिछले कई महीनों से यह राज्य में सबसे निचले पायदान पर बना हुआ है।

जनवरी में महज एक अंक के सुधार के साथ यह 531वें स्थान पर पहुंचा है। जिले में सबसे खराब स्थिति इसी अंचल की बनी हुई है। वहीं शाहपुर अंचल ने लंबी छलांग लगाते हुए अपनी रैंकिंग में बड़ा सुधार दर्ज किया है।

सात अंचलों ने सुधारी रैंकिंग, सात की फिसली

एक ओर जहां संदेश अंचल राज्य स्तर पर टॉपर बना है, वहीं चरपोखरी ने 53 अंकों की सुधार के साथ 96वां, शाहपुर ने 103 अंकों की छलांग लगाकर 224वां, अगिआंव ने 48 अंकों की सुधार के साथ 364वां, आरा 20 अंकों की सुधार के साथ 411वां, गड़हनी 14 अंकों की सुधार के साथ 420वां और बड़हरा एक अंक की सुधार के साथ 531वां स्थान हासिल किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *