पंजाब के बठिंडा शहर के माल रोड पर व्यस्त माल रोड इलाके में कथित तौर पर दिनदहाड़े नशे की सप्लाई किए जाने का मामला सामने आया है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल एक वीडियो के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में कुछ लोग खुलेआम पैसे लेकर पुड़िया देते दिखाई दे रहे हैं।
आरोप है कि सुबह से लेकर शाम तक यहां खुलेआम नशे की सप्लाई की जा रही है। माल रोड पर बंद पड़ी पर्ल कंपनी के माल के आसपास का इलाका कथित तौर पर नशा तस्करों का सुरक्षित अड्डा बन चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां दिनभर बाइक, ई-रिक्शा, ऑटो, साइकिल और पैदल आने-जाने वालों की संदिग्ध भीड़ लगी रहती है।
कुछ ही मिनटों में “सौदा” होता है और लोग आगे बढ़ जाते हैं। यह सिलसिला पूरे दिन जारी रहता है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मछली मार्केट के पास स्थित आटो स्टैंड को इस नेटवर्क का मुख्य केंद्र बताया जा रहा है।
नशे की पुडिया हो रही सप्लाई
सूत्रों के अनुसार, यहीं से नशे की छोटी-छोटी खेप की सप्लाई की जाती है। रविवार को इस नशे का खेल का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें साफ देखा जा रहा है कि नशा तस्कर सरेआम पैसे लेकर नशे की पुडिया सप्लाई कर रहे है। सवाल यह उठता है कि इतने व्यस्त इलाके में, जहां रोज़ाना हजारों लोग गुजरते हैं, वहां यह सब आखिर किसकी निगरानी में हो रहा है।
सबसे बड़ा सवाल कानून-व्यवस्था पर है। क्या प्रशासन को इन गतिविधियों की जानकारी नहीं या फिर जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही। समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसायटी के प्रधान सोनू माहेश्वरी का आरोप है कि नशे का यह खुला कारोबार नई पीढ़ी को बर्बादी की ओर धकेल रहा है।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
शहर के बीचों-बीच चल रहा यह कथित अवैध कारोबार नशे के खिलाफ शुरू अभियान की गंभीरता पर सवाल खड़े कर रहा है। अगर मुख्य सड़क पर दिनदहाड़े यह स्थिति है, तो अंदरूनी इलाकों का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने मांग की कि पुलिस तुरंत सख्त कार्रवाई करे। इलाके में लगातार पुलिस गश्त, सीसीटीवी निगरानी और विशेष अभियान चलाकर पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जाए।


