भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया को पहले टी20 मैच में 21 रनों से रौंद दिया है। भारत ने तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी की शानदार गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलियाई टीम को उन्हीं के घर में मात दी। कंगारू टीम की बल्लेबाजी इस मुकाबले में बुरी तरह से फ्लॉप रही और बारिश से प्रभावित मैच में टीम इंडिया ने 23 रनों से जीत हासिल की। इसी के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है।
भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था और इसके बाद भारत के गेंदबाजों ने उनके फैसले को सही साबित किया। ऑस्ट्रेलियाई टीम 133 रनों पर सिमट गई और टीम इंडिया को जीत के लिए 134 रनों का लक्ष्य दिया था। हालांकि, 5 ओवर का ही खेल हो सका और मैच भारत ने जीत लिया।
भारत के गेंदबाजों ने किया कमाल
सिडनी में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम कुछ खास कमाल नहीं कर सकी। पूरी टीम 18 ओवरों में 133 रनों पर सिमट गई। उनके लिए सबसे अधिक जॉर्जिया वेयरहम ने 19 गेंदों पर 30 रनों की पारी खेली। तो वहीं अन्य बल्लेबाजों की छोटी-छोटी पारियों की वजह से कंगारू टीम 133 रनों तक पहुंच गई। इसके जवाब में भारत ने तेज तर्रार शुरुआत की।
टीम इंडिया के लिए इस मुकाबले में तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में मात्र 22 रन खर्च किए और 4 विकेट अपने नाम किए, जिससे ऑस्ट्रेलिया की टीम पूरी तरह से बैकफुट पर चली गई। उनके अलावा रेणुका ठाकुर और श्री चरणी ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।
भारत ने जीता मुकाबला
ऑस्ट्रेलिया के द्वारा दिए गए 134 रनों के लक्ष्य का भारत ने तेजी से पीछा किया। शेफाली वर्मा 11 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरी लेकिन 5.1 ओवर का खेल होने के बाद तेज बारिश होने लगी और मुकाबला आगे नहीं बढ़ सका। इस वक्त तक भारत ने एक विकेट के नुकसान पर 50 रन बना लिए थे।
5 ओवर का खेल पूरा हो चुका था और इस वजह से मुकाबले का नतीजा भी निकल सका। भारत को डीएलएस के मुताबिक 29 रनों की जरूरत थी लेकिन टीम इंडिया ने 50 रन बना लिए थे और इस तरह से हरमनप्रीत की अगुवाई वाली टीम ने मैच को 21 रनों से अपने नाम कर लिया।


