हाथी के हमले से लखीमपुर निवासी महिला की मौत, दो बेटे घायल

1972 Shares

 लखीमपुर निवासी महिला अपने दो बेटों के साथ इलाज के लिए मिहीपुरवा के खालेपुरवा गांव गई। इलाज के बाद बाइक से तीनों लोग गांव जा रहे थे। बिछिया-मिहींपुरवा मार्ग पर आए हाथी ने बाइक पर सूंड़ से हमला कर दिया। जिसमें महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बेटे घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे वन कर्मियों ने जांच की।

लखीमपुर जिले के पारसपुरवा निवासी 45 वर्षीय मुन्नी देवी की तबीयत खराब है। वह लोगों की सलाह पर मिहींपुरवा के ग्राम खालेपुरवा में इलाज के लिए बेटे 18 वर्षीय करन व 14 वर्षीय अर्जुन के साथ आई। इलाज के बाद शनिवार दोपहर में तीन बजे बाइक सभी वापस घर जा रहे थे।

कतर्नियाघाट रेंज के बिछिया-कतर्निया मार्ग पर बीच सड़क आए हाथी ने सूंड़ से बाइक पर हमला कर दिया। जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद हाथी जंगल की ओर चला गया। मौके पर रास्ते से जा रहे गोले कुरैशी व आंबा निवासी वारिस अली ने सवारी बस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यहां पर निजी चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

महिला हाथ व सिर में गंभीर चोट लगने के चलते मौत हो गई। महिला के मौत की सूचना बेटे ने परिवारजनों को दी। परिवार के लोग बहराइच के लिए आ रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़, वन दरोगा राधेश्याम के साथ मौके पर पहुंचे।

उन्होंने ग्रामीणों को हाथियों के मूवमेंट को लेकर सचेत किया। डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने बताया कि हाथी के हमले में मौत की जानकारी मिली है। वन कर्मियों द्वारा जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *