बेंगलुरु के आरआर नगर में एक 42 साल के व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी बुज़ुर्ग मां को अपने घर की चौथी मंजिल से धक्का देकर मार डाला। पीड़ित महिला की पहचान 72 वर्षीय सावित्रम्मा के रूप में हुई है। वह लकवे से पीड़ित होने के कारण पिछले 4-5 सालों से बिस्तर पर थीं।
आरोपी की पहचान वेंकटेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने ऐसा अपनी मां की लंबे समय से चल रही बीमारी से परेशान होकर किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपी का कराया मेडिकल परीक्षण
अधिकारियों ने बताया कि घटनाओं के क्रम का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वे वित्तीय पहलुओं की भी जांच कर रहे हैं और उन्होंने कहा है कि आरोपी की मानसिक स्थिति का पता लगाने के लिए उसका मेडिकल परीक्षण किया जाएगा।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
यह परिवार बीईएमएल लेआउट में एक चार-मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर रहता था। पुलिस के अनुसार, वेंकटेश शादीशुदा है और अपनी पत्नी व मां के साथ रहता है। वह सावित्रम्मा को छत पर ले गया और फिर उन्हें नीचे फेंक दिया। वह जमीन पर गिर गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने जब यह घटना देखी तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।


