कानपुर लैंबोर्गिनी के बाद बांदा में थार का कहर देखने को मिला। रील बनाने के चक्कर में थार अनियंत्रित हो गई और दिव्यांग को कुचल दिया। इसके बाद दुकान और बैंक में जा घुसी। इससे अफरातफरी मच गई।
झांसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतर्रा थाने के सामने इंस्ट्राग्राम में रील बनाने के दौरान अनियंत्रित थार जीप दिव्यांग मजदूर को कुचलकर संयुक्त बैंक बीसी आफिस को क्षतिग्रस्त करते हुए चश्मे की बंद दुकान में घुस गई। हादसे में जहां मजदूर की मौत हो गई वहीं वाहन में सवार किशोरी भी घायल हो गई। जबकि थार चालक व उसमें बैठा एक अन्य युवक मौके से भाग निकले।
पुलिस ने घायल किशोरी व मजदूर को सीएचसी पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने मजदूर के दम तोड़ने की पुष्टि की। किशोरी को भर्ती कर प्राथमिक उपचार किया गया। दिवंगत हुए मजदूर के स्वजन ने आरोपित को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर अस्पताल परिसर में दो घंटे तक जमकर हंगामा किया। पुलिस के समझाने व तत्काल मुकदमा दर्ज करने के बाद स्वजन का आक्रोश शांत हुआ। पुलिस आरोपित युवकों की तलाश कर रही है।
कस्बा के मुहल्ला शास्त्री नगर निवासी अमन साहू इंटरनेट मीडिया पर अक्सर रील बनाने का शौकीन है। शुक्रवार रात साढ़े दस बजे हाइवे पर तहसील की तरफ से शहर रोड की तरफ युवक अमन साहू अपने एक दोस्त व 17 वर्षीय किशोरी के साथ चार पहिया थार में रील बनाते हुए जा रहा था। तभी अचानक थाना के सामने थार अनियंत्रित होकर दौड़ने लगी और कस्बा के मुहल्ला शिवपुरी निवासी 45 वर्षीय महेश को कुचलते हुए पहले बैंक बीसी कार्यालय को क्षतिग्रस्त किया। फिर बगल में स्थित चश्मे की बंद दुकान में घुस गई। वाहन में बैठी किशोरी भी घायल हो गई।
थार चालक अमन साहू समेत उसमें बैठा दोस्त मौके से रफूचक्कर हो गए। घटना के बाद मौके पर मुहल्ले व राहगीरों का हुजूम लग गया। पुलिस ने थार में बैठी किशोरी व घायल मूक बधिर महेश को सीएचसी अतर्रा पहुंचाया। जहां डाक्टर ने महेश को मृत घोषित किया। जबकि वाहन में सवार आजाद नगर निवासी 17 वर्षीय पूजा को भर्ती कर इलाज किया।


