फूड इन्फ्लुएंसर की ‘डेविल क्रैब’ खाने से मौत, फिलीपींस प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

1262 Shares

 फिलीपींस के पालावान प्रांत में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां एक फूड इन्फ्लुएंसर की कथित तौर पर एक जहरीले समुद्री जीव ‘डेविल क्रैब’ को खाने के बाद मौत हो गई। अधिकारियों ने लोगों से ऐसे खतरनाक समुद्री जीवों को न खाने और सावधानी बरतने की अपील की है।

एमा अमित नाम की महिला ने 4 फरवरी को अपने घर के पास प्यूर्टो प्रिंसेसा शहर में एक वीडियो बनाते समय यह जहरीला शेलफिश खाया था। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो में एमा और उनके दोस्त मैंग्रोव जंगल में समुद्री जीव इकट्ठा करते नजर आए थे।

एमा को पड़ा दौरा

बाद में उन्होंने इन समुद्री जीवों को नारियल के दूध में पकाया। वीडियो में एमा एक सी स्नेल (समुद्री घोंघा) खाते हुए दिखीं, जिसे दूसरे समुद्री जीवों के साथ पकाया गया था। अगले ही दिन एमा की तबीयत अचानक बहुत खराब हो गई।

उन्हें अस्पताल ले जाते समय दौरे पड़े। हालत बिगड़ने पर उन्हें दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया। बताया गया कि बेहोशी के दौरान उनके होंठ नीले पड़ गए थे। इलाज के बावजूद 6 फरवरी को, यानी जहरीला समुद्री जीव खाने के दो दिन बाद उनकी मौत हो गई।

जांच में क्या मिला

लुज़विमिंडा गांव के प्रमुख लड्डी जेमांग ने बताया कि जब अधिकारी एमा के घर पहुंचे तो उन्हें कूड़े में ‘डेविल क्रैब’ के चमकीले खोल मिले। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। यह केकड़ा इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की रीफ में पाया जाता है। इसमें सैक्सिटॉक्सिन और टेट्रोडोटॉक्सिन जैसे खतरनाक न्यूरोटॉक्सिन पाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *