कुल्लू में शादी से इन्कार किया तो युवक ने लड़की के घर में लगा दी आग, पड़ोसियों ने बचाई जान

1847 Shares

हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में एक सनसनीखेज घटना हुई है। आनी के तांदी क्षेत्र में बेटी की शादी करवाने से इन्कार करने पर घर को आग लगा दी। आधी रात को आग लगने से परिवार के सदस्य बाल-बाल बचे। पड़ोसियों ने उन्हें तुरंत जलते हुए घर से बाहर निकाला।

गनीमत रही कि परिवार के सदस्य समय रहते बाहर निकल आए और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।

फोन पर दी थी धमकी, घटना के वक्त दिखी गाड़ी

पीड़ित राजेश कुमार पुत्र कृष्ण लाल, निवासी कटाहर, डाकघर तांदी ने आरोप लगाया कि पंकज शर्मा नामक युवक ने दो दिन पहले दूरभाष के माध्यम से धमकी दी थी कि यदि बेटी की शादी उससे नहीं करवाई गई तो वह पूरे परिवार को घर में आग लगाकर राख कर देगा। घटना के समय उक्त युवक मौके से अपनी गाड़ी में बैठकर फरार हो गया।

खाना खाने के बाद सो रहे थे परिवार के सदस्य

पुलिस चौकी लुहरी में दी गई सूचना के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10:45 बजे घर में आग लगने की सूचना दी। राजेश कुमार ने बयान में बताया कि रात करीब 10 बजे वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ भोजन कर कमरे में सो रहे थे।

पड़ोसी ने न उठाया होता तो तय था बड़ा नुकसान

लगभग 10:30 बजे पड़ोसन गुड्डी देवी ने जोर से आवाज लगाकर बताया कि उनके घर में आग लग गई है। शोर सुनकर परिवार के सदस्य बाहर निकले और गांव के अन्य लोगों की सहायता से आग पर काबू पाया।

आग लगने से भारी नुकसान

आग लगने से राजेश कुमार के पुराने मकान की अलग कर रखी गई देवदार की लकड़ी, कमरे में रखी सेब की जालियां, प्लास्टिक के किल्टे, ईंधन की लकड़ी तथा घर के बिजली मीटर की तारें समेत अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *