पश्चिमी चंपारण के भुईंधरवा दियारा में तेंदुए की दस्तक, पैरों के निशान मिलने से ग्रामीणों में दहशत

2.4kViews
1727 Shares

 भितहा थाना क्षेत्र के भुईंधरवा दियारा में तेंदुए के पगमार्ग मिलने के बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल बन गया है। ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार की रात दियारा क्षेत्र से भटक कर तेंदुआ पीपी तटबंध की ओर बढ़ता हुआ दिखाई दिया। इसी दौरान दियारा में खेती कर लौट रहे कुछ किसान अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर वापस जा रहे थे।

अचानक ट्रैक्टर की तेज रोशनी में तेंदुआ सामने खड़ा दिखाई दिया। तेंदुए को देखते ही किसानों में अफरा तफरी मच गई। ग्रामीणों ने शोर मचाया तो तेंदुआ वापस दियारा की ओर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने शुक्रवार को वन विभाग को इसकी सूचना दी।

कई दिनों से दियारा क्षेत्र में भटक रहा

सूचना मिलते ही बगहा वन क्षेत्र के रेंजर श्रीमान मालाकार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम भुईंधरवा दियारा पहुंची। वन कर्मियों ने ग्रामीणों द्वारा बताए गए स्थानों का निरीक्षण किया, जहां तेंदुए के पगमार्ग मिलने की पुष्टि हुई। रेंजर ने बताया कि तेंदुआ कई दिनों से दियारा क्षेत्र में भटक रहा है और उसे पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया गया है।

हालांकि तेंदुआ लगातार अपना स्थान बदल रहा है, जिसके कारण अभी तक उसे पकड़ना संभव नहीं हो सका है। वन विभाग की टीम दियारा क्षेत्र में कैंप कर लगातार निगरानी कर रही है।

तत्काल सूचना देने की अपील

वन विभाग ने आसपास के गांवों और दियारा में खेती करने वाले किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही तेंदुआ दिखने पर तत्काल सूचना देने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *