देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कलकतिया नावाडीह गांव में शनिवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने एक घर में घुसकर अचानक फायरिंग कर दी। इस घटना में वहां मौजूद एक किशोरी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई।
फायरिंग के दौरान चली गोली सरस्वती कुमारी के सीने में जा लगी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना को लेकर घायल किशोरी के पिता कन्हैया बैठा के बयान पर रिखिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज मामले के अनुसार, घर में बच्चे के जन्म के बाद शनिवार रात खाने-पीने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गांव का ही निवासी मनोज कुमार यादव उर्फ मुनका यादव आंगन में पहुंचा और हंगामा करने लगा।
परिजनों द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने कमर से पिस्तौल निकालकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली उसकी बेटी सरस्वती कुमारी को जा लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने उसका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
फिलहाल घायल किशोरी का देवघर सदर अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


