हरियाणा से बेटी की शादी के लिए हरिद्वार आई एक महिला का दो लाख से अधिक नकदी से भरा बैग ढूंढकर ज्वालापुर कोतवाली की पुलिस ने चेहरे पर खुशी लौटा दी। महिला अपना बैग ई-रिक्शा में भूल गई थी।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने से लेकर ई-रिक्शा यूनियन कार्यालयों पर संपर्क किया। अच्छी बात यह रही कि ई-रिक्शा चालक भी महिला को ढूंढ रहा था बैग मिलने पर महिला ने हाथ जोड़कर पुलिस को धन्यवाद दिया।
पुलिस के मुताबिक, तीन फरवरी को रोहतक हरियाणा निवासी एक महिला ने ज्वालापुर कोतवाली पहुंचकर बताया कि वह होटल मधुबन, रानीपुर में बेटी की शादी के सिलसिले में ठहरी है।
बस अड्डे से ई-रिक्शा में रानीपुर मोड़ पहुंचने के दौरान उतरते समय उसका बैग उसी रिक्शा में छूट गया। बैग में शादी के लिए रखे करीब दो लाख रुपये और निजी खर्च के 16 हजार रुपये थे। न तो ई-रिक्शा का नंबर याद था और न ही चालक का नाम व हालात बेहद मुश्किल थे।


