मुंबई से एक बहुत ही परेशान करने वाला मामला सामने आया है। शहर के कफ परेड इलाके में 20 साल की लड़की का उसके पिता ने रेप किया और उसे प्रेग्नेंट कर दिया। लड़की सुन और बोल नहीं सकती थी।
इस मामले में DNA टेस्ट जांच सामने आया, इससे पता चला कि भ्रूण के साथ लड़की के पिता का कनेक्शन है। उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
कहां तक जुड़े हैं इस घिनौनी वारदात के तार?
एनडीटीवी रिपोर्ट के अनुसार, युवती के साथ सिंतबर 2025 से दुष्कर्म किया जा रहा था। पुलिस ने पहले एक दूसरे आदमी को भी गिरफ्तार किया था और एक 17 साल के लड़के को भी हिरासत में लिया था।
दोनों की पहचान महिला ने रेप करने वालों के तौर पर की थी। पुलिस ने कहा कि दूसरों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के दौरान 17 संदिग्धों के DNA सैंपल के लैब टेस्ट के बाद पिता को गिरफ्तार किया गया था।
क्या है पूरा मामला?
सितंबर 2025 में युवती ने अपनी दादी से पेट में तकलीफ की शिकायत की। हाथ के इशारों से उसने बताया कि उसे पेट में ‘कीड़े रेंगने’ जैसा महसूस हो रहा है।
इसके बाद उसे शहर के कामा एंड अल्बलेस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। मेडिकल जांच में पता चला कि वह पांच महीने की प्रेग्नेंट है। फिर हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बताया कि शुरुआत में उन्हें बातचीत में दिक्कत हुई क्योंकि महिला बयान देने में असमर्थ थी और देना भी नहीं चाहती थी। इसके बाद पुलिस ने पिता से बात की।
इस दौरान पिता ने यौन शोषण के सवालों को खारिज कर दिया। उसने शिकायत दर्ज कराने से भी मना कर दिया। हालांकि, काउंसलिंग के बाद महिला शिकायत दर्ज कराने के लिए तैयार हो गई।
17 संदिग्धों के DNA और खून के सैंपल लिए गए
युवती की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर, पुलिस ने दो लोगों, यानी दूसरे आदमी और लड़के को गिरफ्तार किया। उन्होंने पिता सहित 17 संदिग्धों के DNA और खून के सैंपल भी लिए और आरोपी की पहचान करने के लिए भ्रूण के जेनेटिक डेटा से उनका मिलान किया।


