कौन हैं मेरठ के नवनियुक्त SSP अविनाश पांडेय ? जिनकी मऊ में मुख्तार अंसारी के खिलाफ कार्रवाई की हुई थी चर्चा
शासन ने 2015 बैच के आईपीएस अविनाश पांडेय को मेरठ का एसएसपी नियुक्त किया है। अभी तक उनकी तैनाती लखनऊ एसएसएफ वाहिनी में थी। गुरुवार को वह लखनऊ से यहां पहुंचकर चार्ज ग्रहण करेंगे। 2019 में भी अविनाश पांडेय एसपी देहात के पद पर मेरठ में रह चुके हैं। मऊ में तैनाती के दौरान मुख्तार अंसारी की संपत्ति जब्त करने में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।
अविनाश पांडेय को 23 अप्रैल 2025 को पीलीभीत से एसएसएफ वाहिनी लखनऊ में भेजा गया था। उससे पहले भी वह गाजियाबाद के एसपी सिटी और प्रयागराज कुंभ में भी तैनात रहे है। पंजाब में पुलिस चौकी पर ग्रेनेड से हमला कर भागकर पीलीभीत आए तीन खालिस्तानी आतंकियों को पूरनपुर क्षेत्र में मुठभेड़ में मार गिराने व फर्जी पासपोर्ट व वीजा पर सिख युवकों को कनाडा भेजने पर सौ से ज्यादा मामले दर्ज करने को लेकर अविनाश पांडेय खासे चर्चा में रहे थे।
कबूतरबाजी के इस मामले में उन्होंने एक ही दिन में 40 ऐसे माफिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। यहां के एसएसपी डा. विपिन ताडा को संयुक्त पुलिस आयुक्त कानपुर कमिश्नरेट बनाया गया है। विपिन ताडा के साइकिल पर गश्त करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी ट्वीट कर उनकी तारीफ की थी। वह बागपत के पूर्व सांसद एवं मुंबई के पूर्व कमिश्नर सतपाल सिंह के दामाद हैं।
एसएसपी अविनाश पांडेय मूल रूप से खीरी के रहने वाले हैं। उनके पिता श्रवण कुमार पांडेय हैं। अविनाश पांडेय ने मेरठ एसपी देहात पद पर रहते हुए चौकीदारों के लिए प्रहरी एप बनाया था। साथ की साइबर अपराध रोकने के लिए देहात के थानों में भी टीम बनाई थी। अविनाश पांडेय ने बीटेक इलेक्ट्रॉनिक एंड कम्युनिकेशन से किया है। अविनाश पांडेय इससे पहले पीलीभीत, मऊ में बतौर एसपी रह चुके है। प्रयागराज में एसपी देहात और गाजियाबाद में एसपी सिटी पद पर भी तैनात रहे है। मऊ में तैनाती के दौरान बाहुबली मुख्तार अंसारी की संपत्ति जब्त करने में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी.
डा. विपिन ताडा का 19 माह का रहा कार्यकाल
आइपीएस डा. विपिन ताडा का मेरठ में 19 माह का कार्यकाल शानदार रहा। इस दौरान उन्होंने कपसाड़ में जातीय संघर्ष के हालात को बड़े ही कायदे से कंट्रोल किया। दो बार कांवड़ यात्रा को संपन्न कराया। तीन बदमाशों को भी मुठभेड़ में मार गिराया। ज्वालागढ़, दादरी कांड के दौरान बिगड़े हालात को भी उन्होंने सूझबूझ से नियंत्रित किया।
एसएसपी अविनाश पांडेय की प्राथमिकताएं
मेरठ के नवनियुक्त एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि जनपद में भयमुक्त माहौल उनकी प्राथमिकता है। अपराध पर पूर्णतय अंकुश लगाया जाएगा। लोग सुबह घरों से बेखौफ होकर निकले, और शाम को सुरक्षित घर लौट जाए, ऐसा विश्वास बनाया जाएगा। बच्चों और महिलाओं के साथ अपराध को रोकना विशेष प्राथमिकता रहेगी।
भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विवेचनाओं में पूरी तरह से पारदर्शिता बरती जाएगी। आमजन को त्वरित न्याय मिले, इसका प्रयास किया जाएगा। थानों में पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुनवाई की जाएगी। फरियादियों से दुर्व्यवहार करने वाले पुलिस कर्मियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सख्ती से इसकी मानीटरिंग करेंगे।


