भारत में क्यूबा के राजदूत जुआन कार्लोस मार्सन एगुइलेरा ने अमेरिका द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों को ‘‘आपराधिक’’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि हवाना टकराव की बजाय सहयोग के मार्ग पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है।
क्यूबा के राजदूत का यह बयान उस समय आया है जब पिछले महीने अमेरिका द्वारा जारी एक कार्यकारी आदेश के बाद दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में तनाव बढ़ गया है। इस आदेश में क्यूबा को तेल आपूर्ति करने वाले देशों पर व्यापार शुल्क लगाने की धमकी दी गई थी।
एगुइलेरा ने कहा कि अमेरिका की नीति का मुख्य उद्देश्य क्यूबा के लोगों के लिए संकट उत्पन्न करना है। उन्होंने इसे ‘‘आक्रामकता और शत्रुता की नीति’’ बताते हुए कहा कि किसी भी देश पर इस तरह का दबाव डालना अपराध है, जिससे क्यूबा के नागरिकों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।


